हिसार मंडी में सरसों व मूंग की लगीं ढेरियां।
हिसार। जिले की 14 मंडियों में सरसों की खरीद जारी है। एक अप्रैल से 27 मंडियों में गेहूं की खरीद भी शुरू हो जाएगी, लेकिन इस बार गेहूं-सरसों के उठान में दिक्कतें आ सकती हैं। दरअसल मंडी से गेहूं-सरसों का उठान करने के लिए एजेंसियों से टेंडर मांगे गए हैं।
चार बार टेंडर मांगने के बाद भी किसी ठेकेदार या एजेंसी ने आवेदन नहीं किया। पुराना ठेका 31 मार्च को खत्म हो जाएगा। नए टेंडर में देरी होने से एक अप्रैल से उठान बंद हो सकता है।
अनाज मंडी में गेहूं सरसों के उठान के लिए हैफेड व खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से हर साल टेंडर आमंत्रित किए जाते हैं। इसमें एक अप्रैल से 31 मार्च तक का एक साल का समय होता है। एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक हिसार की 27 मंडियों से गेहूं-सरसों उठान के लिए नए ठेकेदार नियुक्त किए जाने हैं। जिसके लिए विभाग की ओर से फरवरी महीने से ही प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। चार बार आवेदन मांगे जा चुके हैं। इसके बाद भी एक भी आवेदन नहीं आया। फिलहाल सरसों की आवक कम है। गेहूं की आवक शुरू नहीं हुई है। एक अप्रैल के बाद आवक तेज हो जाएगी।
पुराने ठेकेदार का 31 मार्च को समय खत्म होने पर मंडी में एक अप्रैल से उठान का काम बंद हो जाएगा। सरकारी विभाग के पास केवल छह दिन का समय बचा है। ऐसे में विभाग की ओर से अल्पकालिक निविदा मांगी जा रही हैं। दरअसल प्रदेश सरकार की ओर से उठान में देरी करने पर प्रति ट्रक के हिसाब से 500 रुपये जुर्माना तय किया हुआ है। ठेकेदार जुर्माना रकम 100 रुपये कराना चाहते हैं।