हिसार। आजाद नगर की गीता कॉलोनी में रहने वाले सुनील सोनी का कहना है कि बिटिया की तलाश के लिए वह अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। इस बारे में जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एएसपी और एसडीएम से गुहार लगा चुका है, लेकिन करीब चार माह बाद भी बिटिया का सुराग नहीं लग पाया है। सुनील का कहना है कि वीरवार को मुख्यमंत्री के आगमन पर उनसे मुलाकात कर बिटिया की तलाश की गुहार लगाएंगे। इसके बाद भी बिटिया नहीं मिली तो परिवार के साथ लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठेंगे।
गौरतलब है कि गीता कॉलोनी निवासी सुनील सोनी की साढ़े 16 साल की बेटी 29 सितंबर की सुबह घर से लापता हो गई थी। पुलिस में शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने लघु सचिवालय के बाहर पत्नी व दो बेटों के साथ धरना दिया। रात को पुलिस ने आश्वासन दिया कि बेटी की तलाश की जा रही है, जल्द उसे खोज निकालेगे, लेकिन बेटी नहीं मिली। इसके बाद दिसंबर माह में दोबारा से परिवार के साथ लघु सचिवालय के बाहर कड़ाके की ठंड में रात-दिन धरने पर बैठे। शहर के कई जन संगठनों का सहयोग मिला तो 23 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि 15 दिन में बिटिया को तलाश कर लेंगे, लेकिन आज तक पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई है।