डीसी के निर्देशों के बाद सफाई करते हुए कर्मचारी। प्रशासन
हांसी। मानसून की पहली बारिश में वीरवार को शहर में जलभराव के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। उपायुक्त राहुल नरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाकर सीवरेज लाइनों, नालों और जल निकासी मार्गों की व्यापक सफाई सुनिश्चित की जाए। सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देने चाहिए। कोताही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को उपायुक्त ने जिला सचिवालय में बैठक में नगर परिषद और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर की सीवरेज व्यवस्था, जल निकासी और साफ-सफाई की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी की निकासी में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए तथा संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया जाए। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आमटी झील के सामने स्थित गली में नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
उपायुक्त के निर्देश के बाद नालों की करवाई सफाई
उपायुक्त के निर्देशों के बाद नगर परिषद ने शहर में विशेष सफाई अभियान चलाकर प्रमुख ड्रेनों और जल निकासी मार्गों की सफाई शुरू कर दी है। अभियान के तहत चार कुतुब से सिसाय पुल, बड़सी गेट से जींद चौक, तिकोना पार्क चौक से उमरा गेट, उमरा गेट से बड़सी गेट, मॉडल टाउन, अंबेडकर चौक, ग्रीन बेल्ट क्षेत्र तथा सिसाय पुल से कयामसर झील तक ड्रेनों की सफाई कराई गई। इसके लिए सफाई कर्मियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं जो लगातार निगरानी में कार्य कर रही हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को आगामी दिनों में भी अभियान में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि बरसात के दौरान जल निकासी सुचारु रहे।