हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में आंदोलन खत्म होने के बाद बुधवार को 60 से अधिक विद्यार्थी छात्रावास से घरों को लौट गए। इससे पहले विद्यार्थियों ने विवि प्रशासन से परीक्षाओं के रीशेड्यूल के बारे में जानकारी ली। इस पर प्रशासन 20 दिन बाद परीक्षाएं कराने की तैयारी कर रहा है।
एचएयू के विद्यार्थियों ने मंगलवार रात 12 बजे धरना समाप्त कर दिया। उसी समय कई छात्राएं हॉस्टल में चली गईं थीं। इसके बावजूद बुधवार सुबह कुछ छात्राएं आंदोलन स्थल पर पहुंची। उन छात्राओं ने रोष जताया। रोती हुई एक छात्रा का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कुछ छात्राेंं ने भी समझौते की शर्ताें पर असहमति जताई।
धरना खत्म होने के बाद कई विद्यार्थी मंगलवार रात ही घर चले गए थे जबकि कुछ विद्यार्थियों ने बुधवार को हॉस्टल खाली कर दिया। एचएयू प्रशासन की ओर से अब छात्रावास में वार्षिक मरम्मत के कार्य कराए जाएंगे।
गेट पर चालू किए सीसीटीवी और माइक सिस्टम
एचएयू गेट नंबर चार को खाली करने के बाद एचएयू के सुरक्षा कर्मियों ने गेट नंबर चार पर दोबारा ड्यूटी शुरू की। सुरक्षा कर्मियों और तकनीकी टीम ने गेट के बाहर लगे सीसीटीवी और माइक सिस्टम चालू किया। सफाई कर्मी लगाकर गेट के आसपास के क्षेत्र को साफ कराया गया। गेट नंबर चार से अब नियमित रूप से आवागमन शुरू हो गया है।
छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष ओपी सिहाग ने बताई ऐतिहासिक जीत
वर्ष 1982 में एचएयू छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे जननायक जनता पार्टी (जजपा) पंचकूला के जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग ने आंदोलनकारी छात्र-छात्राओं को उनकी जीत पर मुबारक दी है। उन्होंने कहा कि पिछले 29 सालों से एचएयू समेत पूरे प्रदेश में कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ के प्रत्यक्ष चुनाव न होने के कारण सरकारों और शिक्षण संस्थानों में युवा शक्ति को हाशिये पर धकेल दिया गया। एचएयू के छात्र-छात्राओं ने एकता एवं संयम कायम रखते हुए असंभव लगने वाले कार्य को संभव कर दिखाया। आज के हालात को देखते हुए यह आंदोलन इतिहास में दर्ज होगा।