हिसार। शहर की एक कॉलोनी में रहने वाली 25 वर्षीय महिला से पहले प्रेमी ने होटल में बुलाकर गलत काम किया, उसके बाद परिचित उसे घर छोड़ने की बात कह कार में ले गया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर डंडों से मारपीट की। अर्ध बेहोशी की हालत में रविवार अलसुबह घर के पास छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने पति को घटना के बारे में बताया। इसके बाद नागरिक अस्पताल लेकर आए। यहां पर पीड़िता के उपचार को लेकर आपातकालीन कक्ष में पुलिसकर्मी और चिकित्सक के बीच नोंकझोंक हुई। फिलहाल आजाद नगर थाना पुलिस ने पिंजौरखरा के मंदीप और गंगवा गांव के प्रदीप पर दुष्कर्म और अन्य पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता का कहना है कि वह पति और दो बच्चों के साथ शहर की एक कॉलोनी में रहती है। पिंजौरखरा के रहने वाले मंदीप के साथ एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। शनिवार को इसी बात को लेकर पति से झगड़ा हुआ। पति के काम पर जाने के बाद वह मंदीप से मिलने एक होटल में गई। आरोपी मंदीप ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और बस स्टैंड पर छोड़ दिया। शाम को घर पहुंची तो पति से फिर झगड़ा हो गया।
रेलवे स्टेशन पर मरने के लिए आई थी
पीड़िता का कहना है कि शनिवार सात बजे घर से रेलवे स्टेशन पर जान देने के लिए निकली थी। इसके बाद गंगवा गांव के रहने वाले उसके परिचित प्रदीप ने रात 12 बजे फोन कर कहा कि मैं गाड़ी लेकर आ रहा हूं, तुम्हें घर छोड़ दूंगा। कुछ देर बाद वह स्टेशन पर आया और मुझे घर छोड़ने की बात कह कर कार में बैठा ले गया। डाबड़ा चौक के पास उसने चार और युवकों को गाड़ी में बैठा लिया और सुनसान जगह ले गया। इसके बाद प्रदीप ने कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध किया तो डंडों से पीटा। इसके बाद अर्ध बेहोशी की हालत में घर के पास छोड़ कर मौके से फरार हो गए।
उपचार को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा
पीड़ित का पति उसे रविवार सुबह नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा। आपातकालीन कक्ष में पीड़िता को कोई बेड नहीं मिला और न ही उसका उपचार किया गया। महिला ने डायल 112 पर कॉल कर इस बारे में बताया। कुछ देर बाद दो पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और उसकी बात सुनी। इसके बाद एक पुलिस कर्मी ने चिकित्सक और स्टाफ नर्स से पीड़िता की महरम पट्टी और दर्द की दवा देने के लिए कहा, लेकिन दोनों के बीच बहस हो गई। चिकित्सक ने कहा कि पहले महिला जांच अधिकारी आएगी, उसके बाद एमएलआर कटेगी। पुलिस कर्मी ने कहा कि एमएलआर बाद में काट देना पहले दर्द की दवा दे दो। हालांकि बाद में स्टाफ नर्स ने पीड़िता को दवा दी। आजाद नगर थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।