हिसार। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र के सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त कर दी है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक प्रवेश लेकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय केंद्र करनाल हरियाणा के 17 जिलों में संचालित 34 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण, किफायती और लचीली शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। ओपन एवं डिस्टेंस लर्निंग प्रणाली के तहत विद्यार्थी अपने घर के निकट रहकर पढ़ाई कर सकते हैं।
इसके अलावा नजदीकी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर अध्ययन केंद्र या क्षेत्रीय केंद्र बदलने की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इग्नू में 350 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित हैं। इनमें स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम शामिल हैं। ये कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और रोजगारपरक क्षमताओं को विकसित करने में सहायक हैं।
उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और आईटीआई के विद्यार्थी अपनी नियमित तकनीकी शिक्षा के साथ इग्नू से स्नातक या डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी कर सकते हैं। इससे वे एक साथ दो क्षेत्रों में शैक्षणिक योग्यता हासिल कर भविष्य में रोजगार और करियर की बेहतर संभावनाएं बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पात्रता के अनुसार विभिन्न स्नातक एवं डिप्लोमा कार्यक्रमों में समय रहते प्रवेश लेने का आह्वान किया। ब्यूरो