बरसात के दौरान संत नगर से गुजरते लोग।
हिसार। इस बार मानसून शहर को खूब तरसा रहा है। सोमवार को आधे शहर में झमाझम बारिश हुई जबकि दूसरे हिस्से में केवल बूंदाबांदी हुई। आजाद नगर, बस अड्डा, सेक्टर-14 और पुराने शहर में 10 से 15 मिमी तक बारिश दर्ज होने से कई स्थानों पर जलभराव हो गया। वहीं डाबड़ा चौक से सातरोड़ तक का क्षेत्र लगभग सूखा रहा, जिससे उमस बनी रही।
जिले में जून और जुलाई दोनों महीनों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई। जून में सामान्य से आठ प्रतिशत और जुलाई में 45 प्रतिशत कम बारिश हुई। सावन के पहले तीन दिन भी सूखे रहे। हालांकि सावन के पहले सोमवार को शाम करीब सात बजे के बाद शहर के कई हिस्सों में बारिश शुरू हुई।
आजाद नगर, गंगवा, लघु सचिवालय कॉलोनी, सेक्टर-15, एचएयू, प्रीति नगर, प्रेम नगर, बस अड्डा, संत नगर, शांति नगर, सैनियान मोहल्ला और पड़ाव चौक सहित कई क्षेत्रों में 10 से 15 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि पूरे शहर में एक समान वर्षा नहीं हुई। कहीं अच्छी बारिश हुई तो कहीं केवल हल्की फुहारें पड़ीं।
वहीं डाबड़ा चौक से सातरोड़, अर्बन एस्टेट, मॉडल टाउन, सेक्टर-16 व 17, औद्योगिक क्षेत्र, विद्युत नगर, सूर्य नगर और शिव कॉलोनी सहित कई इलाकों में केवल बूंदाबांदी हुई। मानसून सीजन में अब तक पूरे शहर में एक साथ तेज बारिश नहीं हुई है। अलग-अलग दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों में ही बारिश दर्ज की जा रही है।