हिसार। पटेल नगर में मल्होत्रा क्लीनिक चलाने वाली बीएएमएस अल्का मल्होत्रा के पति पवन पर तीन युवकों ने लोहे की रॉड़ और तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जख्मी हालत में उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पवन का कहना है कि हमलावरों ने करीब छह माह पहले भी हमला कर क्लीनिक के शीशे तोड़े थे। सिविल लाइन थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी है।
क्लीनिक के बाहर खड़ा था
अस्पताल में उपचाराधीन पटेल नगर निवासी पवन ने बताया कि उनकी पत्नी पटेल नगर में ही मल्होत्रा क्लीनिक चलाती है। उसकी देखभाल मैं करता हूं। दोपहर को क्लीनिक के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तीन युवक मेरी तरफ आए उनके हाथों में लोहे की रॉड़, बेसबाल का डंडा और चाकू था। आते ही तीनों ने मुुझ पर हमला कर दिया। सिर में तेजधार हथियार से वार किया। दौड़ कर जान बचाई बाद में हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल हालत में पवन को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आए। घायल का कहना है कि करीब छह माह पहले भी उक्त हमलावरों ने हमला कर क्लीनिक के शीशे तोड़े थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास कर रही है।