हिसार। हरियाणा सेवा का अधिकार अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर हरियाणा सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त टीसी गुप्ता ने वीरवार को सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। उन्होंने मार्केट कमेटी की कार्यप्रणाली को सबसे ज्यादा खराब बताते हुए कहा कि आज आपके कारण डीसी डॉ. प्रियंका को सुननी पड़ रही है। खराब कार्यप्रणाली के लिए नगर निगम, जनस्वास्थ्य विभाग, लेबर डिपार्टमेंट, महिला एवं बाल विकास विभाग व समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की भी खिंचाई की। उन्होंने कहा कि अधिकारी जिम्मेदारी समझें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
मुख्य आयुक्त ने हरियाणा स्टेट मार्केटिंग बोर्ड की समीक्षा करते हुए विभाग की कार्यप्रणाली को सबसे ज्यादा चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि इस विभाग का आरटीएस (राइट टू सर्विस) स्कोर 10 में से मात्र 4.6 और सिटीजन फीडबैक में पांच में से दो नंबर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री किसान एवं खेतीहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना में सबसे अधिक मामले लंबित हैं। जिस परिवार का कमाने वाला व्यक्ति ही इस दुनिया से चला जाए और आप उन्हें समय पर योजना का लाभ नहीं दे पा रहे हैं। जरा सोचिए उन परिवार की क्या स्थिति होगी। डीसी को आपके कारण सुनने पड़ रही है।
लगता है कन्यादान में कन्यादान लिया है
अनुसूचित जाति एवं कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विवाह शगुन योजना की लाभार्थी 1465 महिलाओं ने विभाग को पांच में से दो अंक दिए हैं। इस मतलब है कि आपने उन्हें चक्कर कटवाए हैं। उनके कन्यादान में से आपने अपना कन्यादान भी लिया है।
ठीक से डील नहीं किया तभी तो पांच नंबर नहीं दिए
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के 1031 लाभार्थियों ने आपको पांच में तीन नंबर दिए। मतलब यह है कि आपने ठीक से डील नहीं किया। समाज कल्याण विभाग की लाडली पेंशन स्कीम के 173 लाभार्थियों ने विभाग को पांच में से दो अंक दिए।
लोग पुलिस के खिलाफ बोलने से डरते हैं...
बागवानी विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग की पोलीनेट स्कीम में 90 दिनों में एक भी आवेदन नहीं आया। इसका मतलब विभाग ने लोगों को जागरूक नहीं किया। बीज लाइसेंस देने की समयावधि 90 दिन से घटाकर 10 दिन करने के लिए कहा। पुलिस विभाग पर उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी लॉस के मामलों में 4150 लोगों में से मात्र 11 लोगों ने ही जवाब दिए। कस्टमर रेटिंग काफी कम है। लगता है कि लोग पुलिस के बारे में बोलने से डरते हैं।
शादी के पंजीकरण के फीडबैक को लेकर की खिंचाई
मुख्य आयुक्त ने नगर निगम को आरटीएस रेटिंग 10 में से 9.5 होने पर बधाई दी। शादी के पंजीकरण के फीडबैक को लेकर संयुक्त आयुक्त बेलिना की खिंचाई की। उन्होंने बताया कि इस सेवा का इस्तेमाल करने वाले 785 लाभार्थियों ने निगम को पांच में से दो अंक दिए हैं। इसका मतलब यह है कि आपने उन्हें चक्कर कटवाए। टीसी गुप्ता ने जेसी से पूछा कि आज आप इस मीटिंग में हैं और शादी के पंजीकरण को लेकर आज भी लोग निगम आए होंगे।
आपकी कार्यप्रणाली से लोग संतुष्ट नहीं, काम ठीक से करो
जनस्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य आयुक्त ने कहा कि सीवर बंद होने की शिकायतों के निपटान में 176 लोगों ने आपको पांच में से एक अंक दिया है। लगता है कि अगर जीरो ऑप्शन होता तो शायद वह भी दे देते। पेयजल सप्लाई में सात लोगों ने पांच में से एक अंक दिया है। उन्होंने मेयर गौतम सरदाना से भी विभाग के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि सीवर की सबसे ज्यादा समस्या है।