हिसार। गांव खारिया के पूर्व सरपंच हवा सिंह (65) हत्याकांड में आरोपी बेटे बबलू को एक दिन के रिमांड के बाद पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि चंदन नगर स्थित मकान बेचने को लेकर उसका पिता से विवाद हुआ था। इस दौरान पिता ने पहले उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया जिससे उसके सिर में चोट आई। इसके बाद उसने पिता से कुल्हाड़ी छीनकर उन पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई।
बबलू ने पुलिस को बताया कि उसके पिता कुछ समय पहले राजस्थान स्थित जमीन भी बेच चुके थे और अब चंदन नगर का मकान बेचना चाहते थे। जांच अधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात की निशानदेही करवाने के साथ वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और गाड़ी बरामद की गई।
यह था पूरा मामला
गांव खारिया निवासी मृतक के भाई सूबे सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि हवा सिंह वर्ष 2006 में गांव के सरपंच रह चुके थे और फिलहाल चंदन नगर में रहते थे। रविवार रात मकान बेचने को लेकर हुए विवाद में बबलू ने पिता पर हमला कर दिया था। हमले के बाद वह घायल पिता को घर में चारपाई पर अकेला छोड़कर करीब दो घंटे तक वहीं रहा। इसके बाद अपने इलाज के लिए अस्पताल गया। वहां से गांव खारिया जाकर उसने परिवार को पिता के साथ झगड़े की जानकारी दी। बाद में वह चंदन नगर आया और शव को गांव ले जाकर दाह संस्कार की तैयारी करने लगा। पूर्व सरपंच के शरीर पर चोट के निशान देखकर उनके भाई सूबे सिंह को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाया, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ।