हिसार। जिला मुख्यालय स्थित टीबी अस्पताल के भवन को कंडम घोषित किए 7 साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन भवन को अब तक तुड़वाया नहीं जा सका है। गिरने के कगार पर पहुंचे इस अस्पताल में मरीज अपनी जान जोखिम में डालकर उपचार कराने के आ रहे हैं। वार्डों की हालत दिन-प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है।
भवन को गिराने की बजाय लाखों रुपये खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए। आलम यह है कि सवा 7 साल से अस्पताल भवन को गिराने की फाइल स्वास्थ्य विभाग-आर्किटेक्ट हरियाणा व पीडब्ल्यूडी हिसार के बीच फंसी है। तीनों में से कोई भी विभाग टीबी अस्पताल को गिराने पर फैसला नहीं ले सका है और इस काम के लिए तीनों ही एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
आर्किटेक्ट विभाग से पूछा, निर्माण कार्यों का क्या रहेगा खाका
कुछ समय पहले डीजी हेल्थ ने सीएमओ हिसार से टीबी पर स्टेट्स रिपोर्ट मांगी थी, जिसमें टीबी अस्पताल में 100 बेड, 6 बेड का एचयूडी, लैब, एक्सरे रूम, मेडिकल स्टोर, फार्मेसी ब्लॉक, ओपीडी शाखा, वेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल, एसएमओ का एक व एमओ के लिए 4 कमरे, सी ग्रुप के कर्मचारियों के लिए 8 व डी ग्रुप के कर्मचारियों के लिए 6 कमरे व पंजीकरण काउंटर बनाने का प्रस्ताव भेजा था। अब स्वास्थ्य विभाग ने आर्किटेक्ट विभाग से पूछा है कि जो काम करवाया जाएगा, उसका क्या खाका रहेगा।
टीबी के खौफ के कारण वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं बन पा रही
टीबी का खौफ इतना है कि अस्पताल प्रबंधन को कोई धर्मशाला तक किराए पर नहीं दे रहा हैं। क्योंकि यह संक्रामक बीमारी है, जोकि सीधे हवा के जरिये संपर्क में आए व्यक्तियों में फैलती है। टीबी अस्पताल की बिल्डिंग टूटने तक वैकल्पिक व्यवस्था करना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी रहेगी। सूत्रों के मुताबिक तब तक मय्यड़ स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल को विकल्प के तौर पर काम में लेने पर मंथन चल रहा है।
सुविधा के नाम पर सवा करोड़ रुपये मिले
टीबी अस्पताल प्रबंधन के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यालय की ओर से करीब सवा करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं, जिसको रोगियों से संबंधित सुविधाओं पर खर्चा जाएगा। प्रयोगशाला से लेकर निक्षय कार्यक्रम, दवाइयां, स्क्रीनिंग सहित अन्य मामलों पर खर्च किया जाएगा। बता दें कि ये बजट टीबी अस्पताल को तोड़ने के लिए नहीं जारी किया गया है।
-
68 साल पहले बना था नागरिक अस्पताल
68 साल पहले नागरिक अस्पताल की स्थापना हुई थी, जिसके बाद टीबी अस्पताल बनाया गया। करीब 45 साल से टीबी अस्पताल स्थापित है। पहले 75 बेड की व्यवस्था थी लेकिन जर्जर बिल्डिंग की स्थिति देखकर विभाग ने मात्र 17 बेड की व्यवस्था टीबी अस्पताल में की है।
मैंने सीएमओ को रिपोर्ट भेज दी है कि नए टीबी अस्पताल में क्या-क्या बनेगा। अब मामला आर्किटेक्ट हरियाणा व पीडब्ल्यूडी हिसार के बीच का है। उनका नक्शे को लेकर मंथन चल रहा है। हमारे पास कोई आदेश नहीं है। -
जितेंद्र, एमएस, टीबी अस्पताल, हिसार।
-
टीबी अस्पताल की बिल्डिंग का मामला स्वास्थ्य विभाग का है, जिसके नक्शे को लेकर मुख्यालय में बातचीत चल रही है। अभी हमारा इस मामले को लेकर कोई लेना-देना नहीं है।
- सचिन, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी एंड बीएंडआर, हिसार