हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आजाद नगर में 50 बेड के अस्पताल (पॉलीक्लिनिक) के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। अस्पताल बनने से आजाद नगर और आसपास के इलाकों के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। हालांकि, फिलहाल अस्पताल निर्माण के लिए जमीन को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जमीन फाइनल करने की प्रक्रिया जारी है।
विधायक रणधीर पनिहार की ओर से 26 अक्तूबर को आयोजित धन्यवाद रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने आजाद नगर में अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण की घोषणा की थी, जिसे अब औपचारिक मंजूरी मिल गई है।
किराये के भवन में संचालित हो रहा अर्बन हेल्थ सेंटर
वर्तमान में आजाद नगर में अर्बन हेल्थ सेंटर एक किराये के भवन में चल रहा है। यहां स्टाफ की कमी है और सुविधाओं के विस्तार के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध नहीं है। वर्ष 2023 में आजाद नगरवासियों ने दमकल विभाग के पास नगर निगम की खाली जमीन पर अर्बन हेल्थ सेंटर बनाने की मांग को लेकर एक वर्ष से अधिक समय तक धरना दिया था, लेकिन नगर निगम ने जगह कम होने का हवाला देते हुए वैकल्पिक स्थल तलाशने की बात कही थी।
जमीन चयन के लिए बनाई गई थी तीन सदस्यीय समिति
अस्पताल निर्माण के लिए जिला प्रशासन की ओर से अधिकारियों की एक समिति का गठन किया गया था। समिति ने आजाद नगर थाने के पास पटवार भवन के पीछे करीब 13 कनाल खाली जमीन का चयन कर अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा था। हालांकि, अभी तक जमीन को अंतिम मंजूरी नहीं मिल पाई है। जमीन फाइनल होने के बाद ही अस्पताल का डिजाइन तैयार किया जाएगा और इसके बाद पूरा बजट बनाकर प्रशासन को भेजा जाएगा।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
पॉलीक्लिनिक बनने से आजाद नगर की करीब 70 से 80 हजार आबादी के साथ-साथ आसपास के आधा दर्जन गांवों को लाभ मिलेगा। पॉलीक्लिनिक ऐसी स्वास्थ्य सुविधा होती है, जहां एक ही छत के नीचे सामान्य चिकित्सक के साथ विशेषज्ञ डॉक्टर जैसे त्वचा रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, प्रयोगशाला सेवाएं और मामूली सर्जरी की सुविधा उपलब्ध रहती है। यह छोटे क्लिनिक से बड़ी और बड़े अस्पताल से छोटी व्यवस्था होती है, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर किफायती और व्यापक इलाज मिल सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने इस अस्पताल के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। यह उनकी जीत है। अस्पताल बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
- सत्यवान पान्नू, पार्षद, वार्ड 19
मैंने लगातार इस अस्पताल की मंजूरी के लिए प्रयास किए। अब मुख्यमंत्री ने मांग स्वीकार कर ली है। इससे लोगों को जिला अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
- पिंकी शर्मा, पूर्व पार्षद
घोषणा हो चुकी है, लेकिन अस्पताल निर्माण को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
- डॉ. जितेंद्र शर्मा, कार्यकारी सीएमओ।