फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: पार्किंग के लिए ठोस योजना तैयार करे प्रशासन, कागजों से बाहर निकले प्रस्ताव

विज्ञापन
अमर उजाला द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों के साथ बैठक में चर्चा करते हुए।
विज्ञापन
हिसार। पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होना, शहर की सबसे गंभीर समस्या है। यही कारण है कि दिल्ली रोड ही नहीं शहर के तमाम प्रमुख बाजार और जाम से जूझते हैं। हालत यह है कि सड़कों पर राहगीरों के लिए बनाए फुटपाथ पर भी गाड़ियों का कब्जा है। इसमें न केवल यातायात पुलिस बल्कि नगर निगम की भी लापरवाही है। राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के कार्यालय में वीरवार को आयोजित अमर उजाला संवाद में व्यापरियों ने यह बात कही। व्यापारियों ने कहा कि शहर में व्यावसायिक भवन निर्माण नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है, लेकिन यह जिम्मेदारों को नहीं दिखता। अधिकतर बड़े शोरूम, अस्पतालों में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। पार्किंग के लिए कई योजनाएं तैयार की गईं, लेकिन कोई सिरे नहीं चढ़ी। प्रशासन को जाम की समस्या से निपटने के लिए पार्किंग की ठोस योजना तैयार करनी होगी। राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र बजाज ने कहा कि पार्किंग व्यवस्था के लिए सरकार की तरफ से कुछ नहीं किया जा रहा है। पार्किंग योजनाएं कागजों से बाहर ही नहीं निकल पा रही है। धोबी घाट पार्किंग योजना 22 साल बाद भी सिरे नहीं चढ़ सकी। जब तक पार्किंग व्यवस्था सही नहीं होगी तब तक जाम की समस्या खत्म नहीं होगी। पार्किंग व्यवस्था को लेकर प्रशासन को गंभीर होना पड़ेगा। राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष दर्शन खुराना ने कहा कि शहर में पार्किंग की गंभीर समस्या है। राजगुरु मार्केट की बात करें तो यहां दुकानदार व ग्राहक दोनों तरफ से ही सहयोग नहीं मिल रहा है। प्रशासन पुलिस कर्मचारियों की तैनाती करे, जो पार्किंग व्यवस्था को सुधारे। कोई गलत जगह वाहन खड़ा करता है तो उसका चालान किया जाए। यह मार्केट 50 साल पुरानी और इसके साथ लगतीं कई मार्केट 100 साल पुरानी है लेकिन इनमें पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। व्यापारी सोनू ने कहा कि पार्किंग के लिए प्रशासन को व्यापारियों को साथ लेकर ठोस योजना तैयार कर सिरे चढ़ाना चाहिए।
विज्ञापन

पुलिस को वाहन चालकों पर करनी चाहिए सख्ती
मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। दुकानदार दुकानों के आगे ही अपने वाहन खड़ा करते हैं जिससे व्यवस्था बिगड़ती है। सड़कों और फुटपाथ पर वाहन खड़े करने वालों पर पुलिस को सख्ती बरतनी चाहिए तभी व्यवस्था में सुधार हो सकता है।
- सुमन छाबड़ा, प्रधान, बालाजी मार्केट
प्रशासन पार्किंग के लिए स्थान निश्चित करे
मार्केट में जगह-जगह रेहड़ियां लगती हैं। ई रिक्शा खड़ी रहती हैं। इन सबके कारण जाम लगता है। पीएलए एरिया में पार्किंग की जगह ही रेहड़ियां खड़ी रहती हैं। पहले प्रशासन स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाए और पार्किंग के स्थान निश्चित करे। सड़कों पर पीली पट्टी लगाई जाए। एसोसिएशन ने राजगुरु मार्केट में 1500 मीटर लंबी पार्किंग का निर्माण करवाया है। निगम यहां लाइट व गार्ड की व्यवस्था करे ताकि व्यापारी बिना किसी चिंता के अपने वाहन खड़े कर सकें।
विज्ञापन

- रवि महता, प्रधान, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन
कारोबार हो रहा है प्रभावित
मार्केट में पार्किंग की सही व्यवस्था नहीं है। अब तो ग्राहक भी कहने लगे हैं कि इस मार्केट में वाहन लेकर आना काफी मुश्किल है। पार्किंग व्यवस्था न होने से हमारा व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि मार्केट के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए।
- सुशील गोयल, उपप्रधान, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन

पार्किंग में ही दुपहिया खड़ा करे व्यापारी व ग्राहक
मार्केट में व्यवस्था तभी बनेगी जब व्यापारी व ग्राहक सही ढंग से अपने वाहन खड़े करेंगे। अभी न्यू राजगुरु मार्केट व बिश्नोई मंदिर मार्केट के बीच में नई पार्किंग बनाई गई है। ग्राहक व व्यापारी दोनों अपने दुपहिया वाहनों को यहां खड़ा करें जिससे मार्केट में व्यवस्था बन सके।
महेश चौधरी, पूर्व प्रधान, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन
मल्टी स्टोरी पार्किंग प्रोजेक्ट जल्द सिरे चढ़ाया जाए
मार्केट के सभी एंट्री व एग्जिट प्वाइंट पर अतिक्रमण है जिस कारण जाम लगता है। इन सभी प्वाइंट से अतिक्रमण हटाया जाए। इसके अलावा मार्केट के लिए प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द सिरे चढ़ाया जाए।
विज्ञापन

टीनू आहुजा, महासचिव, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें