राजगुरू मार्केट में खरीदारी करते ग्राहक।
हिसार। राजगुरु मार्केट में अव्यवस्था का राज हावी है। यहां नियम बेमानी है और हर कोई मनमानी पर उतारू है। त्योहारी माहौल के बीच खरीदारों और दुकानदारों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए वीरवार से चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई। बावजूद इसके अतिक्रमण, बेतरतीब खड़े दुपहिया वाहनों और फड़ वालों की वजह से मार्केट में अव्यवस्था फैली रही। व्यवस्था बनाने के लिए नगर निगम की तहबाजारी टीम को दिन भर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस प्रशासन ने चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद करने के लिए मार्केट में 10 जगहों पर नाके लगाए हैं, लेकिन इसका कहीं असर नहीं दिखा। सड़कों पर आड़े-तिरछे खड़े दुपहिया वाहनों के कारण चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद करने से कोई सुधार नहीं हुआ। वहीं निगम की तरफ से न्यू राजगुरु मार्केट व बिश्नोई मंदिर मार्केट के बीच बनाई पर्किंग अब भी खाली पड़ी है। व्यापारी दुपहिया वाहन इस पार्किंग में खड़ा करने के बजाय सड़कों पर ही खड़े कर रहे हैं जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।
फड़ वालों पर नहीं लगी लगाम
मार्केट में फड़ वाले अव्यवस्था का बड़ा कारण बने हुए हैं। हर बार की तरह इस बार भी नगर निगम प्रशासन इनके लिए कोई व्यवस्था नहीं बना पाया। हालांकि निगम ने पंजाबी धर्मशाला के सामने बनी पार्किंग में फड़ें लगवाई हैं लेकिन फड़ वालों की संख्या के लिहाज से छोटी पड़ गई है। ऐसे में फड़ वाले सड़कों पर ही बैठकर सामान बेच रहे हैं। इनमें मार्केट के व्यापारी और बाहर के लोग भी शामिल हैं।
दुकानदारों ने किया अतिक्रमण
निगम प्रशासन की ओर से समझाने व चेतावनी के बावजूद वीरवार को दुकानदार दुकानों से बाहर सामान रखने से बाज नहीं आए। आलम यह था कि सड़क पर एक मेज के बजाय कई मेजें लगाकर सामान बेचते रहे। तहबाजारी टीम इन्हें हटाने के लिए पहुंची। कई जगह सामान जब्त भी किया, लेकिन टीम के जाते ही फिर से सामान दुकानों के बाहर आ गया। कई जगह निगम कर्मचारियों व दुकानदारों के बीच बहसबाजी होती रही।
पैसे चुराने पर पकड़ी गई महिला
मार्केट में भीड़ बढ़ने के साथ ही जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं। दोपहर करीब 12 बजे एक महिला निगम की टीम के पास पहुंची। उसने कहा कि उसका पर्स चोरी हो गया है, जिसमें करीब 3800 रुपये थे। टीम ने पूछा कि आपका पर्स किसने निकाला है तो महिला ने एक अन्य महिला की तरफ इशारा कर दिया। इस पर टीम ने उस महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने 3800 रुपये लौटा दिए। पुलिस वालों ने कुछ देर बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
मार्केट में दमकल गाड़ी का लिया ट्रायल
अतिरिक्त निगमायुक्त प्रदीप हुड्डा ने राजगुरु मार्केट का निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानदार सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से सामान बेचते मिले जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही थी। उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी दुकानदारों को निर्धारित स्थानों पर सुव्यवस्थित ढंग से बैठाने की योजना तैयार की जाए ताकि बाजार में ग्राहकों को असुविधा न हो। उन्होंने दमकल गाड़ी का ट्रायल भी लिया।