हिसार। सतलोक आश्रम प्रकरण के दौरान आश्रम से भारी मात्रा में 408 गैस सिलिंडर मिलने के मामले में 6 साल 11 महीने बाद शुक्रवार को फैसला आया। जेएमआईसी सोनिया की अदालत ने आश्रम संचालक रामपाल को दोषी करार देते हुए तीन वर्ष कैद की सजा सुनाई। रामपाल पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। मामले में 13 लोगों की गवाही और करीब 190 बार अदालत में सुनवाई हुई।
बरवाला थाने में 28 नवंबर 2014 को आवश्यक वस्तु अधिनियम एक्ट व धोखाधड़ी की धारा के तहत केस दर्ज किया गया था। धोखाधड़ी की धारा में आश्रम संचालक रामपाल को बरी कर दिया। वहीं आवश्यक वस्तु अधिनियम एक्ट के तहत शुक्रवार को सजा सुनाई है। सतलोक आश्रम प्रकरण के दौरान आश्रम से वर्ष 2014 में 408 रसोई गैस सिलिंडर मिले थे। इनमें से 138 सिलिंडर भरे व बाकी खाली थे। इन सिलिंडर से संबंधित किसी प्रकार का दस्तावेज पेश नहीं मिले। डीएफएससी की शिकायत पर 28 नवंबर 2014 को आश्रम संचालक रामपाल के खिलाफ वस्तु अधिनियम की धारा के तहत व धोखाधड़ी की धारा के तहत बरवाला थाने में केस दर्ज किया गया था। डीएफएससी की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम एक्ट के तहत व धोखाधड़ी की धारा के तहत केस दर्ज किया था।
शिकायत में बताया गया था कि 27 नवंबर 2014 को टीम गठित कर सतलोक आश्रम का निरीक्षण किया गया था। आश्रम में से जांच के दौरान विभिन्न एजेंसियों के 408 सिलिंडर बरामद हुए थे। इनमें से 14.2 किलो के आईओसी के 134, एचपीसी कंपनी के चार सिलिंडर भरे मिले थे। इसके अतिरिक्त 270 सिलिंडर खाली मिले थे। इनमें 14.2 किलो के आईओसी कंपनी के 158 सिलिंडर, एचपीसी कंपनी के 33 सिलिंडर, मैक्स कंपनी के 17 सिलिंडर व भारती कंपनी का एक सिलिंडर बरामद हुआ था। इसके अलावा 19 किलो के आईओसी कंपनी के 51 सिलिंडर भी बरामद हुए थे। शिकायत में बताया गया था कि इन सिलिंडरों से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं हो सका था।
रामपाल पर हिसार में दर्ज केसों का विवरण
थाना केस नंबर आरोप फैसला
बरवाला 426 सरकारी काम में बाधा अगस्त 2017 में बरी
बरवाला 427 रास्ता रोकना अगस्त 2017 में बरी
बरवाला 428 देशद्रोह अदालत में लंबित
बरवाला 429, 430 हत्या 2018 में उम्रकैद
बरवाला शिकायत प्रतिबंधित दवा बरामदगी जुलाई 2021 में बरी
बरवाला 443 गैस सिलिंडर बरामदगी 29 अक्तूबर 2021 में तीन वर्ष कैद
सतलोक आश्रम के बाहर तात्कालिक आईजी अनिल राव - फाइल फोटो- फोटो : Hisar