हिसार। बालसमंद नहर पर बैली ब्रिज बनाया जाएगा। इस ब्रिज के बनने से दुपहिया वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। बीएंडआर ने कैमरी रोड रेलवे फाटक के बंद रहने के कारण यह ब्रिज बनाने का फैसला किया है। फिलहाल इस फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। बीएंडआर के अधिकारियों की मानें तो 18 अप्रैल तक यह बैली ब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा।
इस बैली ब्रिज की लंबाई 70 फुट व चौड़ाई 18 फुट होगी। यह एक अस्थायी ब्रिज होगा। इस ब्रिज से दुपहिया वाहन आसानी से गुजर सकेंगे। कैमरी रोड रेलवे फाटक के पास डीएवी स्कूल वाली गली से होते हुए वाहन चालक इस बैली ब्रिज के जरिये नहर पार कर सकेंगे। इस वाहन चालकों को पेट्रोल व समय दोनों की बचत होगी।
बता दें कि कैमरी रोड रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के कारण यहां से वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। फिलहाल वाहनों को कैमरी-तोशाम लिंक रोड से गुजारा रहा है। चूंकि इस रोड से होकर जाने में वाहन चालकों को काफी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
पिलर खड़े करने की प्रक्रिया शुरू
एजेंसी ने ओवरब्रिज के रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाले स्ट्रक्चर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्ट्रक्चर के निर्माण से पहले आठ पिलर खड़े किए जाएंगे। इनके सहारे ही इस स्ट्रक्चर का निर्माण किया जाएगा। यह स्ट्रक्चर बो स्टिंग के आकार का होगा। इस डिजाइन से बनने से यह शहर का पहला ओवरब्रिज होगा।
40 करोड़ की लागत से बन रहा है ओवरब्रिज
निर्माणाधीन ओवरब्रिज व अंडरपास की लागत करीब 40 करोड़ रुपये है। हालांकि पहले इसका बजट 24.50 करोड़ रुपये था। मगर बाद में ओवरब्रिज की ड्राइंग में फेरबदल होने से प्रोजेक्ट की लागत बढ़ गई। फरवरी 2020 में इस प्रोजेक्ट का काम शुरू हुआ था। आरओबी की लंबाई करीब 580 मीटर व अंडरपास की लंबाई करीब 240 मीटर है।
कैमरी रोड से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों की सुविधा के लिए बालसमंद नहर पर अस्थायी ब्रिज बनाया जाएगा। 18 अप्रैल तक हम इसे तैयार कर देंगे। - नरेंद्र सिंह, एक्सईएन, बीएंडआर