हिसार। शहर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। इसके अलावा यह सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस ऊपर भी रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक मानसून ब्रेक होने व उष्ण आर्द्र गर्म पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में बढ़ोतरी और उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र देश के मध्य हिस्से तक पहुंच गया है। इसके अलावा एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय हो गया है। इसके असर से प्रदेश के उत्तर पूर्वी व दक्षिणी पश्चिमी जिलों में मध्यम से हल्की बारिश की संभावना है। मगर पश्चिमी जिलों में हल्के बादल छाने या बूंदाबांदी की ही संभावना है, जिसमें हिसार जिला भी शामिल है।
जिले में 44 प्रतिशत कम बारिश
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से लेकर 18 अगस्त तक जिले में 44 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में 210.3 एमएम बारिश होती है, जबकि इस बार इस अवधि में 117.9 एमएम बारिश हुई है। इसके साथ ही इस सीजन में हुई बारिश के मामले में हिसार जिला सबसे आखिरी पायदान पर है।