हिसार। शहर में नवंबर 2024 तक 33 केवी क्षमता के तीन नए सब स्टेशन बनकर तैयार होंगे। शहर में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए बिजली निगम करीब 25 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इनमें जिले का पहला जीआईएस सब स्टेशन सेक्टर-16 में बनाया जाएगा। इस अकेले सब स्टेशन पर 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन तीन सब स्टेशन के बनने से करीब एक लाख उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
हिसार के सेक्टर-16 में पहला जीआईएस सब स्टेशन बनाया जाएगा, जिसमें बेहद कम जमीन की जरूरत होगी। सामान्य सब स्टेशन तीन एकड़ में बनाया जाता है जबकि यह एक एकड़ में बन जाएगा। 33 केवी क्षमता के इस बस गैस इंश्यूलेटिड सब स्टेशन पर 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह आधुनिक प्रणाली है। जिसे नियंत्रित करना भी आसान होगा। गुरुग्राम, फरीदाबाद में जीआईएस सब स्टेशन बनाने की शुरुआत की गई थी। फिलहाल इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दो महीने में काम शुरू होने की उम्मीद है। एक साल में निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इस सब स्टेशन के बनने से सेक्टर-13, सेक्टर-16, राजगढ़ रोड, सेक्टर-15 की आबादी को बिजली कटों से राहत मिलेगी।
दूसरा 33 केवी सब स्टेशन कैमरी रोड पर बनाया जाना है। इस पर 6.5 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इस सब स्टेशन के निर्माण से कैमरी रोड, आजाद नगर, कैमरी गांव के बिजली उपभाेक्ताओं को राहत मिलेगी। तीसरा 33 केवी सब स्टेशन एचएयू परिसर में बनाया जाना है, जिससे बालसमंद रोड, आर्य नगर, चंदन नगर के उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इस सब स्टेशन का काम शुरु किया जाना था। जिस कंपनी को टेंडर दिया था वह कंपनी काम शुरू नहीं कर सकी। इसके चलते कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर अब दूसरी कंपनी को काम सौंपने की प्रक्रिया चल रही है।
बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। डिमांड के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। 33 केवी के नए सब स्टेशन भी बनाए जाने हैं। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। पहला जीआईएस सब स्टेशन सेक्टर 16 में बनेगा। भविष्य में शहरी एरिया में जीआईएस सब स्टेशन बनाने पर फोकस रहेगा। - अमित खत्री, प्रबंध निदेशक, डीएचबीवीएन, हिसार
हिसार सर्कल एक नजर में
शहर -5
गांव - 298
कुल कनेक्शन- 407870
कनेक्शन लोड डिमांड 80 से 125 लाख यूनिट
डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर - 26466
कैपेसिटी डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर 1227
33 केवी के सब स्टेशन 45
33 केवी फीडर 41
11 केवी क्षमता के फीडर 423
33 केवी की लाइनों की लंबाई 561 किलोमीटर
11 केवी की लाइनों की लंबाई 9007 किलोमीटर
132 केवी क्षमता के सब स्टेशन 11
220 केवी क्षमता के सब स्टेशन 3