हरियाणा में ठंड का कहर लगातार जारी है। वहीं, धुंध का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ रहा है और अगर पाला जमने की स्थिति बनेगी तो सरसों को नुकसान होगा। प्रदेश में 20 जनवरी तक शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
कड़ाके की सर्दी का सितम अभी जारी रहेगा। पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म होेते ही तापमान एक बार फिर से शून्य के करीब पहुंच गया है। महेंद्रगढ़ जिले में न्यूनतम तापमान 0.4 तथा हिसार जिले में 1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। सुबह के समय घना कोहरा भी छा रहा है। दिन के समय कुछ राहत के बाद शाम होते होते दोबारा से गलन होने लगती है। छह बजे से ही कोहरा छाने लगता है। प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री से कम ही रहा।
विज्ञापन
पिछले दो सप्ताह से भी अधिक समय से हाड़कंपा देने वाली सर्दी झेल रहे लोगों को अगले सप्ताह पूरी राहत के आसार नहीं हैं। हिमालय की उत्तरी बर्फीली हवाओं के चलते उत्तरी मैदानी राज्यों पर सर्दी का असर बना रहेगा। आने वाले तीन दिनों में हाड़कंपा देने वाली कड़ाके की सर्दी बनी रहेगी। रात के समय का तापमान शून्य से 3 डिग्री के बीच ही रहने के आसार हैं।
दिन के समय धूप खिलने से अधिकतम तापमान 12 से 16 डिग्री के बीच रहने के उम्मीद है। पूरे प्रदेश में कोहरे का असर दिखाई देगा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार सर्दी, कोहरे से फसलों को नुकसान नहीं है। अगर पाला जमने की स्थिति बनेगी तो सरसों को नुकसान होगा। किसान सरसों की फसल में हल्की सिंचाई कर नुकसान की आशंका कम कर सकते हैं।
विज्ञापन
उत्तर -पश्चिमी शीतलहर चलने की संभावना
प्रदेश में 20 जनवरी तक शुष्क मौसम रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की गति से उत्तर -पश्चिमी शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में हल्की सी बढ़ोतरी रहेगी। रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। सुबह के समय कुछ घंटों तक कोहरे का प्रभाव रहेगा। -डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष ,कृषि मौसम विभाग, एचएयू
प्रदेश के सबसे ठंडे जिले
जिला न्यूनतम तापमान
महेंद्रगढ़ 0.4
अंबाला 1.5
रेवाड़ी 1.6
हिसार 1.9
गुरुग्राम 2.0
मेवात 2.7
सोनीपत 2.9
कोहरे के कारण गति पर लगे ब्रेक
कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेन लगातार प्रभावित हो रही हैं। हिसार से गोरखपुर के बीच चलने वाली गोरखधाम 9 घंटे लेट रही। इसके अलावा हिसार से जयपुर, जोधपुर, लुधियाना के बीच चलने वाली ट्रेन भी एक से दो घंटे तक देरी से चल रही हैं। रोडवेज की चंडीगढ़, दिल्ली, जयपुर रूट की बसें दो घंटे देरी से पहुंच रही हैं।