सोना चोरी के मामले की सीसीटीवी फुटेज खंगाली पुलिस।
- फोटो : Hisar
हिसार। शहर थाना से 200 मीटर दूर स्थित गुलाब सिंह चौक पर मंगलवार दोपहर सर्राफा कारोबारी के दो कारिंदों से दो युवक सीआईए स्टाफ बना एक किलो सोना चोरी कर ले गए। इस बात का पता चलने पर कारिंदों ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर डीएसपी जोगिंद्र शर्मा व शहर थाना एसएचओ कप्तान सिंह मौके पर पहुंचे। देर रात तक दोनों कारिंदों के बयान दर्ज पुलिस चोरी या साजिश के तहत मामले की जांच कर रही थी। हालांकि कारिंदों के पास 750 ग्राम सोना सुरक्षित मिला।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के चुरू जिले के रहने वाले परमेश्वर और कार्तिक ने बताया कि वह दोनों मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा कारोबारी दलीप सिंह से 2 किलो सोना लेकर हिसार सप्लाई करने आए थे। उन्होंने 350 ग्राम सोना राजगुरु मार्केट में नेहा ज्वेलर्स की दुकान पर दिया। इसके बाद एचआर ज्वेलर्स पर जा रहे थे। कटला रामलीला गली के पास उन्हें दो युवकों ने रुकवा लिया। उक्त युवकों ने खुद को सीआईए का स्टाफ बताकर बैग की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने एक किलो सोना चोरी कर लिया। बैग में रखे स्टील के डिब्बे में 750 ग्राम सोना सुरक्षित बच गया।
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद पुलिस को एक किलो सोना चोरी की घटना पर संदेह है। पुलिस इस मामले को चोरी एवं साजिश दोनों एंगल से जांच रही है। सीसीटीवी फुटेज चेक की पता चला कि चार लोग आपस में सामान्य तरीके से बात कर रहे हैं। कारिंदे खुद व्यक्ति को बैग देते दिखाई दे रहे हैं। दोनों आरोपी युवक बैग को चेक करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद बैग चेक करने वाला और उसका साथी गाड़ी में जाते दिखाई दे रहे हैं।
दोनों कारिंदे दिल्ली से 2 किलो सोना सप्लाई करने के लिए हिसार आए थे। उन्होंने एक ज्वेलर्स की दुकान पर 350 ग्राम सोना दिया। अगली दुकान पर सप्लाई के लिए जा रहे थे तो गुलाब सिंह चौक के पास पहुंचने पर दो लोग चेकिंग के बहाने रुकवाकर बैग से एक किलो सोना चुरा ले गए जबकि 750 ग्राम सोना छोड़ गए अभी मामले की जांच की जा रही है। - कप्तान सिंह, एसएचओ, शहर थाना, हिसार