हिसार। सूर्य नगर रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज पर दूसरे दिन सोमवार शाम तक तीन नए गार्डर रखे गए। अब तक 10 में से 6 गार्डर रखे जा चुके हैं। निर्माण एजेंसी की मानें तो मंगलवार तक सभी 10 गार्डर रख दिए जाएंगे। इसके बाद इन गार्डर को इंटरलॉक किया जाएगा। फाटक बंद रहने से यातायात भी प्रभावित रहा।
बता दें कि निर्माणाधीन सूर्य नगर आरओबी में बीएंडआर के हिस्से में बचे हुए तीन पिलर अभी बनकर तैयार हुए थे। साथ ही इन पर रखे जाने वाले गार्डर भी तैयार हो चुके थे। इन्हीं गार्डर को रखने की प्रक्रिया रविवार से शुरू की गई। पहले दिन तीन गार्डर रखे गए थे। गार्डर रखने के दौरान कहीं कोई हादसा न हो, इसके लिए वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है।
85 टन है एक गार्डर का वजन
जिन गार्डरों को पिलरों पर रखा जा रहा है, उनमें एक गार्डर का वजह करीब 85 टन और लंबाई करीब 30 मीटर है। इन गार्डर को रखने के लिए 350 टन व 250 टन वजन उठाने की क्षमता वाली दो क्रेनों की मदद ली जा रही है।
निर्माण कार्य में अड़चन बन रहा ट्रैफिक
उधर, निर्माण स्थल से गुजर रहा ट्रैफिक निर्माण कार्य में अड़चन पैदा कर रहा है। रेलवे के हिस्से पर काम करने वाली एजेंसी ने सेक्टर 1-4 की तरफ पाइल डालने के लिए बोरिंग करने का काम शुरू किया था। मगर वहां जाम लगने से एजेंसी को वहां काम बंद करना पड़ा।
एजेंसी की मानें तो अगर इस ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया जाए तो वह काम ज्यादा स्पीड से कर सकेगी। बता दें कि एजेंसी को अपने हिस्से में 12 पिलर बनाए जाने हैं। इसके अलावा रेलवे के हिस्से में आने वाले अंडरपास का निर्माण भी इसी एजेंसी को ही करना है।
अभी रेलवे वाली एजेंसी की तरफ से वाहनों को डायवर्ट करने को लेकर कोई मांग नहीं की गई है। सेक्टर 1-4 की तरफ से गलती से काम शुरू कर दिया गया था।
-विशाल, एक्सईएन, बीएंडआर।