हिसार। रोडवेज बसों में कोरोना का सबसे अधिक खतरा है। इसके बावजूद रोडवेज के कर्मचारी लापरवाह बने हुए हैं। आलम यह है कि 140 कर्मचारियों ने कोरोना रोधी टीका ही लगवाया है। सोमवार को रोडवेज परिसर में टीकाकरण शिविर लगाया गया। यहां भी स्वास्थ्यकर्मी रोडवेज कर्मचारियों के आने का इंतजार करते रहे। शिविर में 152 कर्मचारियों में से महज 12 कर्मचारी ही टीका लगवाने पहुंचे।
कोरोना के बढ़ते केसों के बीच तेजी से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर भी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। रोडवेज बसों में कोरोना के खतरे के मद्देनजर सोमवार को रोडवेज परिसर में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया।
हालांकि यहां भी रोडवेज कर्मचारी लापरवाही बरतते हुए टीका लगवाने नहीं पहुंचे। यहां 152 कर्मचारियों में से महज 12 कर्मचारी ही वैक्सीन लगवाने पहुंचे। इनमें आठ कर्मचारियों ने पहली और चार कर्मचारियों ने दूसरी डोज लगवाई है। सुबह से शाम तक स्वास्थ्यकर्मी कर्मचारी टीकाकरण करने के लिए इंतजार करते रहे। शिविर में एएनएम सीमा, सरोज और कंप्यूटर ऑपरेटर मिल्टन मौजूद रहे।
---------------------
140 कर्मचारियों ने नहीं लगवाई अभी तक डोज
हिसार डिपो में कुल 1054 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से 74 कर्मचारियों ने पहली और 78 कर्मचारियों ने दूसरी डोज नहीं लगवाई थी। ऐसे में सोमवार को कर्मचारियों के लिए विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। हालांकि अभी भी 140 कर्मचारी वैक्सीन लगवाने नहीं पहुंचे।
---------------------------------
यात्रियों के संपर्क से अधिक है संक्रमण का खतरा
रोडवेज कर्मचारी यात्रियों के संपर्क में रहते हैं। ऐसे में कर्मचारियों को कोरोना संक्रमण का खतरा भी अधिक है। यदि एक भी कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आती हैं तो उसके संपर्क में आए सभी यात्री कोरोना पॉजिटिव हो सकते हैं।
---------------------------------
यात्री नहीं लगा रहे मास्क
बस स्टैंड पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री बिना मास्क पहुंचते हैं। अधिकारी यात्रियों को मास्क नहीं लगाने पर टोकते हैं तो अधिकांश जेब से मास्क निकालते हैं। ऐसे में यह लापरवाही लोगों के लिए मुसीबत बन सकती है। इसके साथ ही बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सर्टिफिकेट की जांच तक नहीं की जा रही है।
-------------------------------------
हमारी ओर से प्रतिदिन यात्रियों से मास्क पहनने की अपील की जा रही है। अनाउंसमेंट के माध्यम से भी यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।
- साधुराम मोर, इचांर्ज, बस स्टैंड
-------------------------------------
शिविर सुबह 10 बजे शुरू हो गया था। दोपहर तक मात्र 12 कर्मचारी ही वैक्सीन लगवाने आए।
- सीमा, एएनएम, स्वास्थ्य विभाग