संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ऐलनाबाद व रानियां खंड में 10 मई को होने वाले पंचायत उपचुनावों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। एसपी दीपक सहारन ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वयं मतदान केंद्रों पर स्वयं पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और आवश्यक सतर्कता बरतें। इसके अलावा, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त के लिए पेट्रोलिंग पार्टियां नियुक्त की गई हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
एसपी ने बताया कि मतदान के दौरान असामाजिक तत्वों सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव करवाना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने बताया कि जिले के साथ लगती पंजाब व राजस्थान सीमाओं पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित पुलिस नाकों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।