गणित का एक सवाल हल न कर पाना छात्रा पर मुसीबत बनकर टूटा। सरकारी स्कूल के अध्यापक ने सवाल हल न करने पर छात्रा को इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
अस्पताल में दाखिल छात्रा के शरीर पर मारपीट के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे। जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गांव कैरखेड़ी के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में शनिवार को करीब 11 बजे अध्यापक सुरेंद्र पांचवीं कक्षा के बच्चों से गणित के सवाल हल करवा रहा था। छात्रा ने गणित का एक सवाल को गलत हल कर दिया। इसी को लेकर अध्यापक सुरेंद्र ने डंडे से छात्रा को बेरहमी से पिटना शुरू कर दिया।
छात्रा के परिजनों ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां छात्रा के शरीर पर शाम तक डंडों के निशान साफ दिख रहे थे। छात्रा के पिता का कहना है कि पाठशाला में अध्यापक पढ़ाने के नाम पर बच्चों को पीटते हैं।
अध्यापक बच्चों को पढ़ाने की बजाए उन्हें स्कूल का काम करने के लिए कह देते हैं। जिसके चलते कई बार बच्चे स्कूल का काम सही तरीके से नहीं कर पाते। उन्होंने मांग की कि आरोपी अध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी दिलबाग सिंह मलिक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। जिस अध्यापक ने छात्रा की पिटाई की है। उसके खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल में किसी भी छात्र-छात्रा के साथ पिटाई करना कानूनी जुर्म है।