हरियाणा के जीद में सफीदों के हाट रोड स्थित गोदाम से चोरों ने दिन दहाड़े धान की 201 बोरी चोरी कर ली।
चोरी हुए धान की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना की सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने गोदाम मालिक की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सफीदों मंडी निवासी मैसर्ज अखिलेश फर्म ने हाट रोड पर स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के सामने गोदाम बनाया हुआ है।
जिसमें माल के भंडारण के अलावा बार दाना भी रखा हुआ है। गत दिवस चोरों ने दिन दहाड़े गोदाम से 201 बोरी धान चोरी कर लिया।
चोरी की घटना का उस समय पता चला जब फर्म मालिक अखिलेश गोदाम में पहुंचा। जब उसने स्टॉक की जांच की तो धान की 201 बोरी गायब मिली।
बताया जाता है कि लगभग दस बजे दिन में चोरों ने कैंटर की सहायता से वारदात को अंजाम दिया।
कुछ लोगों ने कैंटर में धान को भरते हुए भी देखा, लेकिन गोदाम में फर्म के साधनों के आवागमन को देखते हुए गंभीरता से नहीं लिया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
फर्म के मालिक अखिलेश ने बताया कि चोरी हुए धान की कीमत लगभग चार लाख रुपये है। उनका गोदाम शहर के सबसे व्यस्ततम मार्ग पर है।