हिसार शहर के युवा बॉक्सर और मिल्कमैन के बेटे आशीष कुलड़िया ने कजाकिस्तान में चल रही एशियन यूथ चैंपियनशिप का सेमीफाइनल मुकाबला जीत लिया है। वह रविवार को फाइनल में अपने मुक्कों का जौहर दिखाएंगे। शनिवार को हुए सेमीफाइनल में आशीष ने उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी को करारी शिकस्त दी। 17 वर्षीय आशीष कुमार 64 किलोग्राम भारवर्ग में खेल रहे हैं।
मिल्कमैन पिता के बेटे आशीष हिसार के कैमरी रोड के निवासी हैं। उनकी मां गृहिणी हैं। पिछले चार वर्षों से साई में अभ्यास कर रहे आशीष वर्तमान में साई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के खिलाड़ी हैं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में नेशनल लेवल के खिलाड़ी होते हैं। आशीष कुमार अक्टूबर 2015 में भी ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में गोल्ड हासिल कर चुके हैं।
यही नहीं हैदराबाद में हुए नेशनल गेम में भी आशीष कुमार ने गोल्ड जीता था। आशीष के कोच महेंद्र सिंह ढाका ने बताया कि आशीष एक मेहनती लड़का है। वह सुुबह छह से लेकर साढ़े आठ बजे तक और शाम को 5 बजे से लेकर 8 बजे तक कड़ा अभ्यास करता है। वे उसमें बॉक्सर मनोज की छवि देख रहे हैं।