इस बार भले नौतपा इतना नहीं तपा, लेकिन थप्पड़-चप्पल कांड की तपिश तेज होती जा रही है। सोनाली फौगाट रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक बार फिर अपने फेसबुक पर लाइव आईं और पांच महिलाओं का जिक्र कर मार्केट कमेटी के सचिव सुलतान सिंह के चरित्र पर अंगुली उठाई। इनमें हिसार नगर निगम की एक महिला पार्षद का नाम भी शामिल रहा। सोनाली ने रणदीप सुरजेवाला और कुलदीप बिश्नोई पर अपने आदमी छोड़कर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गलत कमेंट कराने का आरोप लगाया।
थप्पड़-चप्पल कांड में एक ओर जहां पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर सोनाली भी लगातार सोशल मीडिया के जरिये स्वयं को सही ठहरा रही हैं। पुलिस की जांच में जहां दोनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, वहीं सचिव के साथ रहे दो अन्य के बयान भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
वीडियो में देखा जा रहा है कि मौके पर कौन-कौन थे, ताकि उनके बयान भी लिए जा सकें। दूसरी ओर सुलतान सिंह रविवार को भी नागरिक अस्पताल में भर्ती रहे। हालांकि उनके दाखिल रहने पर सोनाली फौगाट ने फेसबुक पर लाइव आकर सवाल उठाए और कहा कि चप्पल से क्या वह इतना घायल हो गया कि अब तक उसकी छुट्टी नहीं हुई।
ये लोग मुझे मरवा सकते हैं
शनिवार को आदमपुर में मार्केट कमेटी के एक कर्मचारी निहाल सिंह ने सोशल मीडिया पर सोनाली के खिलाफ बयानबाजी की थी। उसके बारे में सोनाली ने कहा कि निहाल सिंह भ्रष्ट आदमी है, इसलिए उसका ट्रांसफर पंचकूला हुआ। वह कहता है कि आदमपुर में नहीं आने देंगे। ये लोग मुझे मरवा भी सकते हैं। मुझे पता है वहां पहले मरवाया भी है कुछ लोगों को, लेकिन मैं किसी से डरती नहीं।
सोनाली ने यह कहा फेसबुक पर लाइव आकर
सोनाली फौगाट ने फेसबुक पर लाइव आकर कहा कि भाजपा नेता होने के साथ पहले वह एक महिला हैं। उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। रामायण-महाभारत में नारी के सम्मान के लिए युद्ध हुआ, जिसे हम सही ठहराते हैं। मैंने अपने सम्मान के लिए जो किया, सही किया और मैं अपने आपको गलत नहीं मानती। उन्होंने पांच महिलाओं के नामों का जिक्र करते हुए उनसे छेड़छाड़, अपशब्द बोलने के आरोप सचिव सुलतान सिंह पर लगाए।
उन्होंने कहा कि हांसी में एक टीचर द्वारा हांसी महिला थाने में छह माह पहले छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया गया था और वह महिला सुलतान की रिश्तेदारी में भी है। हिसार की एक महिला पार्षद से भी सचिव ने अपशब्द कहे। अपने विभाग की एक महिला कर्मचारी के साथ भी सचिव ने गलत किया था, जिसने सचिव की पिटाई की थी। मंडी के एक व्यापारी की एडवोकेट बेटी को भी अपशब्द बोले थे। इनके अलावा एक अन्य महिला को भी अपशब्द बोलने की बात कही। उन्होंने कैथल मार्केट कमेटी में फर्जी लाइसेंस बनाने, अनिल बंसल से तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने सहित करनाल में भी भ्रष्टाचार की बातें कहीं।
शर्म से डूब मरोगे...
इस दौरान सोनाली ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और कुलदीप बिश्नोई के प्रति कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि ऑडियो बाहर आ गई न तो आप शर्म से डूबकर मर जाओगे रणदीप सुरजेवाला जी और कुलदीप बिश्नोई जी, जो आप मेरी गिरफ्तारी की मांग करते हैं, मैं गिरफ्तार होने के लिए तैयार हूं, लेकिन गलत सहन नहीं करूंगी। इस दौरान लाइव पर कमेंट देखकर सोनाली ने यह भी कहा कि अभी सुरजेवाला और कुलदीप द्वारा छोड़े गए कुछ लोग हैं, जो गलत कमेंट कर रहे हैं।
एक मास्टर को भी लाईं लाइव
सोनाली जेवरा में तैनात एक मास्टर नरेंद्र कुमार को लाइव लेकर आईं। नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि सचिव सुलतान सिंह ने उसके खिलाफ रेप और एससी-एसटी एक्ट का झूठा केस कराया, जो पुलिस जांच में झूठा निकला। उसे डराने का भी प्रयास किया। एक-दूसरे मास्टर को भी उसने धमकी दी थी, जिसमें बाद में बहबलपुर गांव में पंचायत में सचिव ने माफी मांगी।
मामले की जांच चल रही है। सचिव व उनके साथ के दो लोगों के बयान दर्ज हो चुके हैं। भाजपा नेता सोनाली फौगाट के भी बयान डिटेल में रिकॉर्ड किए गए हैं। इसके अलावा जो वीडियो वायरल हुआ है, उनकी भी जांच की जा रही है। यदि कोई ऑडियो या मामले से संबंधित अन्य सुबूत दिए जाएंगे तो उनकी भी जांच की जाएगी।
- गंगाराम पूनिया, एसपी, हिसार