हिसार। नहर आने के बाद भी कई कॉलोनियों में जलसंकट बना है। कहींनलों में दूषित पानी आ रहा है तो कहीं एक समय भी सप्लाई नहीं आ रही है। पिछले एक सप्ताह से फ्रेंड्स कॉलोनी में पानी सप्लाई में सीवर का पानी मिक्स होकर आ रहा है। स्थानीय निवासियों ने जनस्वास्थ्य विभाग को शिकायत भी दी। इसके बाद विभाग के कर्मचारी लाइन को चेक करने पहुंचे, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। फिर मंगलवार शाम को विभाग की ओर से यहां नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई, बावजूद अभी भी सप्लाई में सीवर का पानी मिक्स होकर आ रहा है।
शगुन, सुखपाल श्योराण, डॉ. राजेश यादव, इंजीनियर रोशनलाल शर्मा ने बताया कि दूषित पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। 25 से 30 घरों में गंदा पानी आ रहा है। पानी पीने योग्य नहीं है। पानी में बदबू आ रही है। कभी भी बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। ऐसे में लोग पानी के कैंपर मंगवाकर काम चला रहे हैं।
उधर, प्रोफेसर कॉलोनी, अग्रसेन कॉलोनी में पानी की सप्लाई नहीं आ रही हैं। दोनों एरिया से विभाग के पास पानी नहीं पहुंचने की शिकायत पहुंची है। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कंवरपाल का कहना है कि दोनों कॉलोनी में टेल एंड पर पानी नहीं पहुंच रहा है। फिर भी लाइन चेक करवाई जाएगी। समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
फ्रेंड्स कॉलोनी में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इस दौरान वहां जेसीबी की ओर से सीवर और पानी की पाइप लाइन तोड़ दी गई। हमारे पास शिकायत पहुंची थी। हमारी ओर से वहां नई पाइप लाइन बिछा दी गई है।
- कंवरपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग
बुधवार को फ्रेंडस कॉलोनी में सीवर मैनहोल की सफाई करवाई गई। कुछ काम बचा हुआ है। जिसे आज पूरा करवा दिया जाएगा। - संजय दूहन, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग