हांसी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हांसी पुलिस ने बुधवार को काली देवी चौक पर स्कूल बसों की जांच की। जांच के दौरान एक चालक चप्पल पहन कर वाहन चलाता मिला, जबकि अन्य चालक बिना वर्दी और सीट बेल्ट के वाहन चलाते मिले।
डीएसपी सिद्धार्थ और यातायात थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने पर छह स्कूल बसों के चालान काटे गए। अभियान में पुलिस ने स्कूल बसों की फिटनेस, ओवरलोडिंग, ड्राइवर के लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य सुरक्षा प्रबंधों की सघन जांच की।
कई वाहनों में फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं पाया गया। वहीं, कुछ बसों में जरूरी सुरक्षा उपकरणों की कमी थी। ऐसे सभी वाहनों पर जुर्माना लगाया गया और स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी गई।
डीएसपी का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। हांसी पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में और तेज होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल संचालक अपने वाहनों की जांच कराकर दस्तावेज दुरुस्त रखें।