सेक्टर-33 हिसार के रेजिडेंट्स की बैठक में मौजूद सदस्य।
हिसार। सेक्टर-33 के निवासी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए रविवार को सेक्टर-14-33 डिवाइडिंग रोड स्थित श्रीराम आइडियल स्कूल के पास धरना देंगे। यह निर्णय शनिवार को हुई रेजिडेंट सभा की बैठक में लिया गया। निवासियों का कहना है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) प्रशासक को 22 जून को 15 सूत्री मांगपत्र सौंपने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
करीब एक माह बीत जाने पर भी मांगों पर ठोस कार्रवाई न होने से सेक्टरवासियों में भारी नाराजगी है। रेजिडेंट सभा की कार्य समिति और प्रबंधन समिति की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से धरने का फैसला लिया गया। सभा के सदस्यों ने बताया कि यदि 18 जुलाई तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो धरना आयोजित किया जाएगा।
सेक्टरवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अब भी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। इस दौरान राजपाल नैन, साधुराम भ्याण, देव भाटिया, विनोद गोयल, गौरव बंसल, मनोज कुंडू, बलदेव बागला, जगदीश गोदारा, सुखपाल पटवारी और ऋषिकेश मौजूद रहे।
प्रमुख मांगें :
धरने के दौरान 15 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें आरक्षित स्थान पर नए बिजलीघर और नए जलघर का निर्माण शामिल है। सीवरेज और बरसाती पाइपलाइन के मैनहोल पर ढक्कन लगाने की मांग भी है। लावारिस पशुओं और कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान भी एक मुख्य मुद्दा है।
अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे :
कम प्रेशर के कारण पेयजल आपूर्ति में सुधार की मांग की गई है। सड़कों और खाली प्लॉटों में उगी खरपतवार की सफाई भी जरूरी है। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने और मोबाइल नेटवर्क सुधार के लिए नए टावर के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी है। अधूरे पार्कों का विकास कराना भी इन मांगों में शामिल है।