हिसार। जिले में स्वाइन फ्लू से एक सप्ताह में दूसरी मौत हो गई है। गांव बिठमड़ा निवासी 69 वर्षीय महिला ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान पांच सितंबर को दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने पांच सदस्यीय टीम की जांच के बाद उनकी मौत की स्वाइन फ्लू से पुष्टि की है।
बुधवार को जिले में छह नए संक्रमित मिले हैं। इनमें दो साल का बच्चा और हांसी का एक डॉक्टर भी शामिल है। नए मामलों के साथ जिले में स्वाइन फ्लू संक्रमितों की संख्या 61 पहुंच गई है।
इनमें विद्या नगर निवासी दो साल का बच्चा, मॉडल टाउन की पब्लिक हेल्थ कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय महिला, जिंदल कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय महिला और हांसी की जगदीश कॉलोनी निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। इसके अलावा गांव खेड़ी बर्की निवासी 30 वर्षीय युवक और गांव हारिता निवासी 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि बिठमड़ा निवासी महिला पिछले कुछ दिनों से गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती थीं। स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद उनका उपचार चल रहा था। हालत बिगड़ने पर पांच सितंबर को उनकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने उनकी सभी रिपोर्ट का विस्तृत अध्ययन किया जिसके बाद स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि हुई। इससे पहले नारनौंद क्षेत्र निवासी 66 वर्षीय महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी। उन्हें 21 अगस्त को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 28 अगस्त को स्वाइन फ्लू की जांच के लिए उनका सैंपल लिया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उपचार जारी था, लेकिन 31 अगस्त को उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने तीन सितंबर को उनकी मौत की स्वाइन फ्लू से पुष्टि की थी।