हिसार में पंचायत मंत्री के कार्यक्रम का विरोध।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
सरपंचों की ग्रांट कम करने व ई टेंडरिंग के विरोध में सरपंचों ने रविवार को पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के जनसंवाद कार्यक्रम में हंगामा कर दिया। वह कार्यक्रम स्थल के बाहर ही नारेबाजी करने लगे। सरपंचों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सभागार में एंट्री बंद कर दी। वहीं कार्यक्रम के समापन के बाद मंत्री प्रदर्शन करने वाले सरपंचों से बात किए बिना ही निकल लिए। सरपंचों ने उनके घेराव का प्रयास भी किया, लेकिन वहां पुलिस बल ने उन्हें वहां से हटा दिया।
प्रदेश के पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली आज एचएयू के इंदिरा गांधी सभागार में जिला स्तरीय जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में सरपंच, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्यों आमंत्रित किया गया है।
मंत्री के पहुंचने से पहले शुरू किया विरोध
सरपंचों ने मंत्री देवेंद्र बबली के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया और कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि सरपंचों को मिलने वाली ग्रांट 20 लाख रुपये घटाकर दो लाख रुपये कर दी गई है, जिसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया जाए। इसके अलावा ई टेंडरिंग की शर्त को भी हटाया जाए। सरपंचों ने कहा कि मंत्री खुद उनके पास आकर बात करें। एसडीएम जयबीर यादव सरपंचों को समझाने पहुंचने, लेकिन वह नहीं माने और नारेबाजी जारी रखी। कार्यक्रम के विरोध को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी चौकस हो गया। कार्यक्रम स्थल के एंट्री गेट को बंद कर दिया गया। डीएसपी कप्तान सिंह भी मौके पर पहुंचे। उधर सभागार के अंदर कार्यक्रम जारी रहा। कार्यक्रम के खत्म होते ही मंत्री देवेंद्र बबली वहां से चल दिए। बाहर प्रदर्शन कर रहे सरपंचों ने उनके पास आने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।