हिसार। मॉडल टाउन निवासी संतोष की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी राजगढ़ निवासी सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं लेकिन वह अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
पुलिस के अनुसार सोनू की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। इससे पहले आरोपियों की तलाश में तीन टीमें लगी हुई थीं। वहीं, अस्पताल में भर्ती आरोपी भावेश को अभी छुट्टी नहीं मिली है। उसकी सेहत में सुधार होने के बाद चिकित्सक उसे छुट्टी देंगे। अर्बन एस्टेट थाने के जांच अधिकारी विकास ने बताया कि तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपियों के पास मिले पिठ्ठू बैग से पुलिस ने एक एप्पल फोन, दो एंड्रॉयड फोन, सोने की दो बालियां, सोनू की एक अंगूठी, आधार कार्ड, कपड़े, जूते और बाइक की चाबी बरामद की है। आरोपी जयेश को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आया लूट का मकसद
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सोनू को पहले से पता था कि संतोष अकेली रहती है और पति की मासिक पेंशन लेने बैंक जाती है। उसे यह भी जानकारी थी कि संतोष अपनी संपत्ति दान करने वाली है। सोनू ने अंदाजा लगाया कि महिला के पास काफी नकदी होगी। इसी लालच में उसने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई, ताकि वे मालामाल हो सकें।