हांसी। गांव ढाणी कुम्हारन के युवक मोहित से दुबई भेजने के नाम पर तीन लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी पंजाब के बरनाला बलबीर उर्फ भीरी ने पीड़ित को भरोसे में लेने के लिए फर्जी वीजा और टिकट भी भिजवाया था। ठगी का शिकार हुआ मोहित पूरा दिन अमृतसर एयरपोर्ट पर घूमकर वापस आ गया। हांसी सदर थाना पुलिस ने मोहित की शिकायत पर आरोपी बलबीर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मोहित ने शिकायत में बताया कि बलबीर के साथ उसकी मुलाकात 16 जून को गांव में हुई थी। बलबीर ने उसे बताया था कि वह युवकों को विदेश में भिजवाकर उनको वहां पर काम दिलवाता है। बलबीर ने कहा कि अगर वह जाना चाहता तो उसको भी वह दुबई भिजवा देगा और इसके लिए चार लाख रुपये का खर्चा होगा। इसके बाद बलबीर ने कभी रजिस्ट्रेशन तो कभी सत्यापन के नाम पर उससे 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद तैयारी पूर होने की बात बोलकर 19 जुलाई को गांव में आकर उससे 3 लाख 10 हजार रुपये और ले गया। मोहित ने बताया कि 17 अगस्त को बलबीर ने उसके फोन पर वीजा की फोटो भेज दी और कहा कि तुम्हारा काम बन गया है, 26 अगस्त को दुबई रवाना होना है।
मोहित के अनुसार 26 अगस्त को वह पूरा दिन अमृतसर एयरपोर्ट पर घूमता रहा लेकिन वहां पर बलबीर उसका वीजा और टिकट लेकर नहीं पहुंचा। मोहित ने जब किसी जानकार से वीजा और टिकट चेक करवाया तो फर्जी होने का खुलासा हुआ। अब बलबीर रुपये मांगने पर धमकी दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।