सिरसा। परिवहन विभाग ने सिरसा रोडवेज महाप्रबंधक खूबीराम कौशल को सस्पेंड कर दिया हैं। शुक्रवार देर शाम को रोडवेज महाप्रबंधक को सस्पेंड करने के आदेश जारी हुए हैं। रोडवेज के जूनियर कर्मचारियों को अधिक पेंशन और सीनियर को कम पेंशन देने और कोर्ट के आदेशों का पालन न करने मामले में उन्हें सस्पेंड किया गया है।
बता दें कि सिरसा वर्कशॉप के रिटायर्ड मेकेनिक प्रताप सिंह ने जूनियर को अधिक पेंशन देने और सीनियर को कम पेंशन देने मामले को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसमें कोर्ट ने रिटायर मेकेनिक प्रताप सिंह के हक में फैसला सुनाया था और रोडवेज को रिटायर्ड कर्मचारी की शेष रह रही पेंशन जारी करने के आदेश दिए थे। आदेशों का पालन नहीं करने पर कोर्ट ने रोडवेज महाप्रबंधक की दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया था और उनका वेतन भी अटैच कर दिया गया। इसके बाद भी आदेशों का पालन नहीं हुआ तो कोर्ट ने रोडवेज के डायरेक्टर जनरल वीरेंद्र दहिया की सैलरी भी अटैच कर दी। जिसके बाद मुख्यालय ने कार्रवाई करते हुए रोडवेज महाप्रबंधक खूबीराम कौशल को सस्पेंड किया है।
वहीं रोडवेज महाप्रबंधक खूबीराम कौशल ने कहा कि डायरेक्टर की ओर से उनको सीधा सस्पेंड किया गया है। यह उनके साथ धोखा है। इस मामले में उनका कोई दोष नहीं था, लेकिन इसके बाद भी डायरेक्टर जनरल की ओर से कोई जानकारी नहीं ली गई और उन्हें सीधे ही सस्पेंड कर दिया गया। उन्होंने ईमानदारी के साथ 29 वर्ष नौकरी की है और विभाग का कोई नुकसान नहीं किया।