हिसार। रोडवेज की फ्लाइंग टीम ने वर्ष 2022 में जनवरी से लेकर अप्रैल माह में 2223 यात्री बेटिकट पकड़े हैं। इनमें 60 प्रतिशत विद्यार्थी शामिल हैं। टीम ने इन यात्रियों से 7 लाख 13 हजार 445 रुपये जुर्माना वसूला है। इन चार महीनों की बात करें तो टीम ने फरवरी माह में सबसे अधिक 720 यात्री बेटिकट पकड़े हैं। फ्लाइंग टीम की ओर से पकड़े जाने पर एक यात्री पर अधिकतम 500 रुपये जुर्माना लगाने का प्रावधान है।
बता दें कि रोडवेज की चार फ्लाइंग टीम बसों में चेकिंग कर रही है। एक फ्लाइंग में आठ कर्मचारी होते हैं। फ्लाइंग टीम की ओर से जनवरी से अप्रैल माह में 5331 बसों में चेकिंग करते हुए बेटिकट यात्रियों पर शिकंजा कसा। टीम की ओर से रोजाना लोकल से लंबे रूटों पर चेकिंग की जा रही है।
रुपये नहीं तो मोबाइल रख लेती हैं फ्लाइंग टीम
यदि फ्लाइंग टीम को कोई यात्री बिना टिकट मिल जाता है, मगर उसके पास रुपये नहीं है तो इस स्थिति में फ्लाइंग टीम उक्त यात्री का मोबाइल अपने पास रख लेती है। उसके बाद उसे जुर्माना भरने के लिए हिसार बुलाया जाता है। जुर्माना भरने के बाद उसे वापस मोबाइल लौटा दिया जाता है। साथ ही उसे चेतावनी दी जाती है कि सफर के दौरान वह टिकट लेकर ही यात्रा करें। वहीं बिना टिकट पाए जाने पर टीम की ओर से एक यात्री से दस गुना किराया वसूला जाता है।
ट्रैफिक ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार इतना वसूला जुर्माना
- जनवरी माह में बेटिकट पकड़े- 430 यात्री
- चेकिंग की गई- 1321 बसों की
- बेटिकट यात्रियों पर जुर्माना लगाया- 1,45230 रुपये
फरवरी माह में बेटिकट पकड़े- 720 यात्री
- चेकिंग की गई- 1315 बसों की
- बेटिकट यात्रियों पर जुर्माना लगाया: 2,22735 रुपये
- मार्च माह में बेटिकट पकड़े- 466 यात्री
- चेकिंग की गई- 1353 बसों की
- बेटिकट यात्रियों पर जुर्माना लगाया- 1,52 690 रुपये
- अप्रैल माह में बेटिकट पकड़े- 607 यात्री
- चेकिंग की गई- 1342 बसों की
- बेटिकट यात्रियों पर जुर्माना लगाया- 1,92790 रुपये
फ्लाइंग की चार टीमें बसों में चेकिंग करती है। हमारी ओर से प्रत्येक सप्ताह में रिपोर्ट तैयार कर ट्रैफिक ब्रांच को दी जाती है।
- आत्माराम, सब इंस्पेक्टर, फ्लाइंग नंबर-1