लोगों की सुविधा के लिए गांव चिड़ौद के पास रेलवे लाइन के नीचे बनाया गए अंडरपास अब मुसीबत बन गया है। सोमवार को बरसात के बाद अंडरपास में भरे पानी में बस बंद हो गई। सवारियों को सीढ़ी लगाकर बस की छत पर पहुंचाया। इसके बाद बस की छत पर सीढ़ी लगाकर उन्हें रेलवे लाइन पर पहुंचाकर निकाला।
सोमवार को सुबह के समय जोरदार बरसात के बाद मुकलान, चिड़ौद, कालवास, रावतखेड़ा, पायल, चारनौंद को जोड़ने वाले रोड पर बने अंडरपास में करीब पांच से छह फीट पानी भर गया। दोपहर के समय रोडवेज की हरियाणा शक्ति बस यहां फंस गई। इंजन में पानी घुसने के बाद बस अंडरपास के नीचे ही बंद हो गई। बस में बड़ी संख्या में सवारियां थीं। बस में फंसी सवारियों ने अपने परिजनों को फोन किए। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। ग्रामीण सीढ़ी लेकर पहुंचे। बस की खिड़की के आगे सीढ़ी लगाकर सवारियों को बस की छत पर पहुंचाया गया। इसके बाद बस की छत पर सीढ़ी लगाकर सवारियों को अंडरपास से बाहर निकालकर रेलवे लाइनों पर पहुंचाया। कुछ दूर पैदल निकलने के बाद यात्री दूसरे वाहनों में सवार होकर अपने गंतव्य पहुंचे।
देर शाम तक रहा बंद
अंडरपास में पानी भरने के कारण सार से मुकलान, कालवास, चिड़ौद, रावतखेड़ा, पायल, चारनौंद, तलवंड़ी से मिराण, ईस्सरवाल, लोहारू, खानक, भिवानी, महेन्द्रगढ़ को जोड़ने वाला रास्ता सोमवार को देर शाम तक बंद रहा। कई गांव का हिसार आने-जाने का संपर्क कटा रहा। गांव से हिसार स्कूल कॉलेज जाने वालों को दिक्कतों को सामना करना पड़ा।
तकनीकी रूप से गलत
आजाद भगत सिंह युवा क्लब के प्रधान भगत सिंह ने बताया कि इस अंडरपास को बनने से पहले डीसी व रेलवे विभाग को इस समस्या के बारे में शिकायत दी थी। अंडरब्रिज स्टेट हाइवे के लिहाज से व्यर्थ है। इसको तकनीकी रूप से गलत बनाया गया है। यह अंडरपास टेढ़ा भी बना हुआ है, जिससे सामने से आने वाला साधन दिखाई नहीं देता। ऐसे में यहां हादसे का खतरा हमेशा रहता है। अंडरब्रिज से 500 से 600 मीटर की दूरी पर दूसरी फाटक से गांव सिंघराण को जाने वाले रास्ते को स्टेट हाईवे से जोड़ा जाए।