हिसार। हिसार में रिंग रोड बनाने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हरी झंडी दी है। राजगढ़ रोड से एनएच 9 तक यह नेशनल हाईवे की ओर से एक बाईपास का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद हिसार शहर के चारों ओर रिंग रोड बनाने का काम पूरा हो जाएगा। हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बीच बुधवार को दिल्ली में नितिन गड़करी के सामने यह प्रस्ताव रखा था, जिसे उन्होंने मंजूरी दे दी।
परियोजना के तहत उचाना में नॉर्दन बाईपास व हिसार व जींद के बाईपास को मंजूरी मिली है। पिछले करीब चार साल से इस बाईपास के लिए मांग उठ रही है। फिलहाल राजगढ़, सिवानी की ओर से आने वाले लोगों को दिल्ली की ओर जाने के लिए शहर के बीच से गुजरने की मजबूरी है। इस ओर से आने वाले हजारों वाहनों के पास बाईपास का कोई विकल्प नहीं है। भारी वाहन भी शहर के अंदर से ही गुजर रहे हैं। डिप्टी सीएम अगर इस प्रस्ताव को सिरे चढ़ाने में कामयाब रहे तो यह हिसार शहर के लिए बड़ी सौगात होगी। शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। दिल्ली की ओर से आकर राजगढ़ की ओर जाने वालों को भी नया विकल्प मिल जाएगा।
हिसार हवाई अड्डे के पास मिर्जापुर के पास क्लोवर लीफ फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों को ब्रेक नहीं लगाने होंगे। हिसार-सिरसा रोड पर वांव ढंढूर के पास बरवाला-राजगढ़ हाईवे पर भी क्लोवर लीफ के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। गांव मिर्जापुर और ढंढूर के रोड जंक्शन पर एक बड़ा गोल चक्कर बनाया जाएगा। पिछले दिनों डिप्टी सीएम ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराया था।