जिले में कोरोना लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। जिले में पहली बार कोरोना ने 400 का आंकड़ा पार किया है। इससे स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई, क्योंकि अभी तक एक दिन में इतने केस नहीं मिले हैं। शनिवार को 423 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
ऐसे में सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटा पाने के लिए भी स्वास्थ्य विभाग के पास स्टाफ की कमी पड़ गई और देर रात तक विभाग की टीम मरीजों की हिस्ट्री खंगालने में जुटी रही। इसके अलावा जिले में तीन की मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। जिले में अब तक 352 मौत हो गई हैं। अब जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 20 हजार के पार पहुंच गया है। अब तक 20018 मरीज कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इस समय जिलेे में 2040 सक्रिय मरीज हैं, जिनका उपचार चल रहा है। इसके चलते कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों के रिकवरी रेट में भी काफी गिरावट आई है, जो अब घटकर 88.07 प्रतिशत हो गया है। अब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 413963 लोगों के सैंपल की जांच हो चुकी है।
संक्रमितों में 77 विद्यार्थी शामिल
विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से चार छात्र सहित कुल 77 विद्यार्थी, मेडिकल कॉलेज से एक अज्ञात, दो चिकित्सक, एक अध्यापक, 50 गृहिणियां, चिकित्सक, इंजीनियर, निगम पार्षद, ईएसआई फार्मेसी से एक सहित दो फार्मासिस्ट, छह अध्यापक, पीजीटी लेक्चरर, नेेेेवी से चिकित्सक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डीएचबीवीएन से कर्मी, बीएसएनल का एसडीओ, वकील, एचएयू से वैज्ञानिक व प्रोफेसर, जिला अस्पताल से सुपरवाइजर, स्टाफ नर्स, सिक्योरिटी गार्ड, सेशन जज, सहायक प्रोफेसर, नगर निगम से कर्मी एवं 5 बच्चों सहित अन्य शामिल हैं।
71 अज्ञात, इनसे अधिक सतर्क रहने की जरूरत
शनिवार को भी काफी अधिक केस मिले हैं। इसके चलते विभाग द्वारा सभी संक्रमित मरीजों की पहचान भी नहीं हो सकी। इनमें से 71 अज्ञात संक्रमित मरीज हैं, जो अभी तक लापता हैं। इनका सुराग लगाने के लिए विभाग जुटा हुआ है। आमजन को इन से अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
20 रेमडेसिविर इंजेक्शन मिले
फिजिशियन डॉ. अजय चुघ ने बताया कि अभी हमारे पास 20 रेमडेसिविर इंजेक्शन पहुंचे हैं, बाकी इंजेक्शन भी 2 से 3 दिन में मिलने की उम्मीद है। ऐसे में संक्रमित मरीजों को इंजेक्शन देना भी शुरू कर दिया है। शनिवार को दो से तीन मरीजों को इंजेक्शन दिया गया है। यह रेमडेसिविर इंजेक्शन एक मरीज को लगातार पांच दिन देते हैं। पहले दिन 2 डोज और फिर एक-एक डोज देतेे हैं। नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लगभग 25 से संक्रमित मरीज दाखिल हैं। इनमें दो वेंटिलेटर पर हैं और पांच से 6 मरीज ऑक्सीजन बेड पर हैं। बाकी मरीजों की हालत सामान्य है।
यहां बन रही कोरोना की लंबी चेन
- जीजेयू से हॉस्टल के विद्यार्थियों एवं स्टाफ की आपस में संपर्क के जरिये संक्रमण से चेन बनती जा रही है, जो पिछले पांच-छह दिनों से संक्रमित मिल रहे हैं।
- अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना की चेन बन रही है, वहां पर चिकित्सक और अन्य स्टाफ भी संक्रमित मिल रहे हैं।
- एचएयू में भी विद्यार्थियों एवं स्टाफ के आपस में संपर्क से संक्रमण का सामुदायिक फैलाव हो रहा है।
- नागरिक अस्पताल के नर्सिंग हॉस्टल से भी छात्राओं की कोरोना चेन बननी शुरू हो गई है। शनिवार को भी पांच छात्राएं संपर्क में आने से संक्रमित मिली है
- कुछ दिन पहले बरवाला के नेशनल नर्सिंग कॉलेज से भी कई विद्यार्थी संपर्क से संक्रमित मिले थे, यह चेन भी जारी रही।
- शनिवार को मोडाखेड़ा, मोहब्बतपुर, धांसू और बाडोपट्टी गांव में भी कोरोना की चेन पाई गई है।
इनसे करें कोरोना या वैक्सीन से संबंधित कोई भी बात
यदि किसी भी व्यक्ति को कोरोना या वैक्सीन से संबंधित कोई भ्रम या गलत धारणा है तो वह व्यक्ति स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ के तौर पर डॉ. समीर कंबोज से बातचीत कर सकतेे हैं। इसक लिए हेल्पलाइन नंबर 94164-95690 जारी किया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति विशेषज्ञ से बातचीत कर सकता है। जैसेे कि कोरोना का संक्रमण किस तरह फैल रहा है और वैक्सीन कितनी कारगर है।
मरीजों में मिल रही खांसी व दस्त की शिकायत
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अजय चुघ का कहना है कि सर्दी के मौसम में कोरोना शांत हुआ था। मगर अब गर्मी के आने पर कोरोना अचानक दोगुनी से ज्यादा रफ्तार से बढ़ रहा है। इस बार लोग संक्रमण की चपेट में अधिक आ रहे हैं, जबकि लोगों में लक्षण बहुत कम आ रहे हैं। कुछ ऐसे मरीज भी मिले हैं, जिन्हें खांसी के साथ दस्त की शिकायत पाई गई है।