हिसार। दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार अखिल भारतीय बिश्नोई सभा के पूर्व प्रधान देवेंद्र बूड़िया को सोमवार को जेएमआईसी आयुष की अदालत ने 2 दिन के रिमांड पर भेजा है। पुलिस इन दो दिनों में आरोपी को जयपुर के हयात होटल लेकर जाएगी। साथ ही आरोपी से मोबाइल, लैपटॉप बरामद किया जाएगा। आरोपी के रिमांड को लेकर दोनों पक्षों के वकीलों के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक कोर्ट में बहस हुई। आरोपी बूड़िया की अगली पेशी 30 जुलाई को होगी।
आदमपुर क्षेत्र की युवती से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार अखिल भारतीय बिश्नोई सभा के पूर्व प्रधान देवेंद्र बूड़िया के मामले में सोमवार को जेएमआईसी आयुष की अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र बूड़िया के पुलिस रिमांड की मांग की। दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। बहस के बाद अदालत ने आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर भेजा है। आदमपुर क्षेत्र की युवती ने बूड़िया पर जनवरी 2025 में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। आरोपी ने अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। 29 जून को हरियाणा स्टेट क्राइम ब्रांच ने बूड़िया को जोधपुर से गिरफ्तार किया था। 30 जून को कोर्ट में पेश किया था। उस समय पुलिस ने बूड़िया का रिमांड मांगने की चर्चा थी, लेकिन रिमांड नहीं मांगा। उस दिन पेशी से पहले ही देवेंद्र बूड़िया की तबीयत भी बिगड़ गई थी जिसके बाद उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।