अयोध्या में रामभक्तों की सेवा के लिए हरियाणा से विहिप कार्यकर्ता 5 फरवरी को अयोध्या रवाना होंगे। इसमें हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रोहतक, जींद, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर आदि जिलों के कार्यकर्ता शामिल हैं। कार्यकर्ताओं को अपना आधार कार्ड पास रखना अनिवार्य है।
प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में रामभक्तों की संख्या बढ़ रही है। इसके चलते वहां व्यवस्थाएं संभालने तथा सेवा कार्यों के लिए देशभर से विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अयोध्या बुलाए गए हैं। हरियाणा से भी विहिप कार्यकर्ता 5 फरवरी को अयोध्या रवाना होंगे। वहां स्वच्छता से लेकर भोजनालय तथा अन्य सेवा कार्याें की जिम्मेदारी 28 फरवरी तक संभालेंगे।
विज्ञापन
विहिप की प्रांत प्रचार टोली के सदस्य विजय कुमार ने बताया कि हरियाणा के श्रद्धालु 8 फरवरी को आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या पहुंचेंगे और 10 फरवरी को वहां से हरियाणा वापस आएंगे। इनके पहुंचने से तीन दिन पहले 5 फरवरी को हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रोहतक, जींद, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर आदि जिलों के कार्यकर्ता विभिन्न वाहनों से अयोध्या पहुंचेंगे, जो वहां सेवा कार्याें में सहयोग करेंगे। प्रत्येक जिले से करीब पांच कार्यकर्ता अयोध्या जाएंगे, जिनके ठहरने की व्यवस्था तीर्थक्षेत्र पुरम में की गई है। कार्यकर्ताओं को अपना आधार कार्ड पास रखना अनिवार्य है।
कार्यकर्ता बोले- रामभक्तों की सेवा का मौका मिलना सौभाग्य की बात
सेवा कार्याें के लिए अयोध्या जा रहे विहिप कार्यकर्ता कैलाश, साहिल, अशोक, ललित ने बताया कि अयोध्या में रामभक्तों की सेवा करने का मौका मिलना सौभाग्य की बात है। रामभक्तों की सेवा की जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी पूरी तन्मयता के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कार सेवा में शामिल रहे उनके पूर्वज आदर्श हैं। नई पीढ़ी रामभक्तों की सेवा करके गौरवांवित होगी।