नवनिर्वाचित प्रधान राजेश बागड़ी को उठाकर खुशी जाहिर करते नगर निगम कर्मचारी।
- फोटो : Hisar
हिसार। नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई हिसार के प्रधान का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। राजेश बागड़ी ने अपने प्रतिद्वंद्वी पवन पाहवा को 55 वोट से हराकर प्रधानी अपने नाम की। परिणाम जारी होने के बाद ही कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित प्रधान राजेश बागड़ी को फूलमाला पहनाकर बधाई दी। इस दौरान कर्मचारियों ने ढोल बजाकर व नाचकर खुशी जाहिर की। चुनाव में 100 प्रतिशत मतदान हुआ।
बता दें कि चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। अंतिम दिन उम्मीदवार श्याम ने नाम वापस ले लिया था, जबकि उम्मीदवार करतार ने राजेश बागड़ी को अपना समर्थन दे दिया था। इसके बाद राजेश बागड़ी व पवन पाहवा के बीच आमने-सामने की टक्कर थी।
मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई। शांतिपूर्ण मतदान के लिए निगम कार्यालय में पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए। चुनाव में पारदर्शिता के लिए मतदान स्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए। इस दौरान मतदान को लेकर कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। मतदान का समय 4 बजे तक निर्धारित किया गया था, जबकि ढाई बजे ही 100 प्रतिशत मतदान हो गया। प्रधान पद के लिए निर्धारित 1067 कर्मचारियों ने मतदान किया।
एक घंटे में हो गई मतगणना
दोपहर 3 बजे निगमायुक्त कार्यालय के साथ बने मीटिंग हॉल में मतगणना शुरू की गई। मतगणना सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई। एक घंटे बाद शाम चार बजे मतगणना पूरी हो गई और परिणाम जारी कर दिया गया।
किसे कितने वोट मिले
कुल वोट 1067
राजेश बागड़ी 548
पवन पाहवा 493
करतार 4
रद्द 22