हांसी। महिला थाना के समीप पालिका मार्केट में थोड़ी सी बारिश में ही जलभराव हो जाता हैं। जिसकी शिकायत वहां के दुकानदारों ने कई बार नगर परिषद के आला अधिकारियों से की हैं, परंतु उनकी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हुआ हैं। शुक्रवार को हुए जलभराव से खफा दुकानदारों ने प्रदर्शन कर रोष जताया।
शुक्रवार को सुबह हुई बारिश से मार्केट में पानी जमा हो गया। जिससे दुकानदार परेशान रहे। इसी के विरोध में वहां के दुकानदारों ने एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। नगर परिषद व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदारों का कहना हैं कि उनकी मार्केट सड़क से भी नीचे पड़ रही है। जिसके चलते जरा सा भी पानी आता हैं तो वह सीधा मार्केट में आता है। मार्केट में पानी भरा होने के कारण कोई ग्राहक भी नहीं घुस पाता। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के कारण उनकी दुकानदारी ठप पड़ी है। अब जब दुकानें खुलती हैं तो दुकानों के आगे पानी भरा होने के कारण कोई भी ग्राहक नहीं आता। इस बारे में कई बार नगर परिषद में शिकायत भी दर्ज कराई है। अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी हैं। उन्होंने बताया कि यह मार्केट नगर परिषद द्वारा बनाई गई थी। फिर भी परिषद के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते। इस अवसर पर थरिंद्र पाल सिंह, संदीप सैनी, बलराज, रवि, सोनू चौहान, भूपेंद्र नेगी, रमन जैन, विकास पंवार, सतवीर, प्रवीण व छोटू आदि मौजूद थे।