हरियाणा से राजस्थान को जोड़ने वाले सिवानी-भादरा रोड पर बने रेलवे फाटक के बीच एक सवारी रेलगाड़ी का इंजन फेल हो गया। जिससे इस मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब सवा एक बजे को हिसार से रेवाड़ी के लिए जाने वाली रेलगाड़ी सिवानी स्टेशन से रवाना हुई तो गुरेरा रोड पर स्थित रेलवे फाटक के पास जाकर सड़क के बीच ट्रैक पर ही थम गई।
जांच की तो पता चला कि इंजन में अचानक खराबी के कारण रेलगाड़ी खराब हो गई। इसके कारण रेलवे ने फाटक को नहीं खोला और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
हालत यह हो गए कि इस मार्ग पर पांव रखने तक के लिए जगह नहीं मिल रही थी। पैदल यात्रियों और दुपहिया वाहनों को भी इधर-उधर के रास्ते तलाशने पड़े।
सड़क के दोनों तरफ करीब 4 किलोमीटर की लाइनें लग गई। जाम के कारण वाहन में सवार लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं रेल सवार यात्रियों को भी करीब 3 घंटे का लंबा इंतजार करना पड़ा।
इसी बीच किसी तरह से रेलगाड़ी को इंजन चालू कर वापस स्टेशन पर लाया गया तो फाटक खोल दिया गया, जिसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद हिसार से दूसरा इंजन मंगवाकर रेल को रेवाड़ी के लिए रवाना कर दिया गया।