हिसार। श्रीगणेश मेडिकल स्टोर संचालक सचिन व मदन को चिट्ठी देकर 20 लाख रुपये और दूध डेयरी संचालिका नरेश देवी से 5 लाख रुपये मांगने व हवाई फायर करने वाले आरोपी फिलहाल फरार हैं। बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए, स्पेशल स्टाफ, एबीवीटी और एचटीएम थाने की टीमों ने दो जगह दबिश दी। वहीं, दोनों वारदात स्थल के पास के कुछ सीसीटीवी की फुटेज खंगाली।
इस मामले में पुलिस टीम को आरोपियों की फोटो मिल चुकी है। पुलिस ने दोनों वारदातों के सीसीटीवी फुटेज का मिलान करने के लिए लैब में भेज दिया है। साक्ष्य के तौर पर फुटेज को पुलिस रिकॉर्ड में जमा किया है। इसके अलावा पुलिस ने बाइक की पहचान के जरिये भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया। पुलिस को संदेह है कि बाइक चोरी की होगी। ऐसे में बाइक की थ्योरी पर पुलिस अधिक मेहनत नहीं कर रही। दोनों आरोपियों की लोकेशन मिलगेट एरिया के आसपास की है।
गौरतलब है कि मंगलवार देर शाम मिलगेट रोड स्थित श्री गणेश मेडिकल स्टोर संचालक मदन व सचिन के पास दो युवक आए। एक युवक ने 20 लाख रुपये की रंगदारी के लिए पर्ची थमाई और तीन दिन का वक्त दिया। रुपये नहीं देने पर अंजाम अच्छा न होने की धमकी दी। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए। इसके बाद उक्त बदमाशों ने 12 क्वार्टर रोड पर यशिका दूध डेयरी की संचालिका नरेश देवी को पिस्तौल दिखाकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। देर रात पुलिस ने विकास उर्फ चोटी और मोटा के खिलाफ केस दर्ज किया था।