आइसक्रीम फैक्टरी पर जांच के लिए पहुंचे खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
हिसार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने महाबीर कॉलोनी स्थित फ्रोजेन फीस्ट नामक अवैध आइसक्रीम फैक्टरी पर मंगलवार को छापा मारा। इस दाैरान फैक्टरी में आइसक्रीम निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे एक्सपायरी केमिकल और फ्लेवर को मौके पर ही नष्ट किया। टीम ने कुल्फी और आइसक्रीम के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पवन चहल के अलावा टीम में मनोज और राहुल शामिल रहे। फैक्टरी संचालक अंशुल से लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर विभाग ने उसे नोटिस जारी किया। कार्रवाई के तहत टीम ने बड़वाली ढाणी स्थित एक डेयरी का भी निरीक्षण किया। इस दाैरान घी और पनीर के सैंपल लिए और जांच के लिए भेजे। डेयरी संचालक के पास भी लाइसेंस नहीं मिला।
डॉ. पवन चहल ने बताया कि गर्मी के मौसम में दूध और दूध से बने उत्पादों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है। खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।