ऑटो मार्केट फेज-3 में निगम प्रशासन द्वारा तोड़ी गई प्याऊ।
- फोटो : Hisar
ऑटो मार्केट फेज-3 में वार्ड नंबर 2 से भाजपा पार्षद प्रतिनिधि ने जिस जगह प्याऊ की नींव रखी थी, उसी जगह निगम प्रशासन ने बुधवार को जेसीबी चला दी। वहां बनाए गए पिलरों को तोड़ दिया गया। इसी तरह निगम की टीम ने फेज-3 में ही नगर सुधार मंडल की दुकान पर लोहे की ग्रिल लगाकर किए गए कब्जे को भी हटवाया गया।
हालांकि पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण केडिया ने प्याऊ को पुण्य का काम बताते हुए उसके लिए किए गए निर्माण को तोड़ने के बारे में मेयर गौतम सरदाना व विधायक डॉ. कमल गुप्ता को भी जानकारी दी।
अधिकारी बोले कब्जे की शिकायत आई थी
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि फेज-3 में प्याऊ बनाकर नगर सुधार मंडल की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की शिकायत आई थी। इसके बाद एमई सुरेश गोयल, बिल्डिंग इंस्पेक्टर संदीप बैनीवाल व सुनील लांबा जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे और प्याऊ के लिए बनाए गए पिलरों को तुड़वा दिया। इसके बाद टीम सदस्यों ने साथ में ही बनी दुकान पर किए गए अवैध निर्माण को भी तुड़वा दिया।
अवैध कब्जे जैसी कोई बात नहीं है। हमने तो वहां के लोगों के सहयोग से प्याऊ बनाने का काम शुरू करवाया था ताकि लोगों को पीने के लिए पानी मिल सके।
- प्रवीण केडिया, पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड नंबर 2