हिसार। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन की जिला कार्यकारिणी की बैठक यूनियन कार्यालय में जिला प्रधान नरेश गौतम की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग का संचालन जिला सचिव अभयराम फौजी ने किया। मीटिंग में सभी 10 ब्रांचों के प्रधान, सचिव व कोषाध्यक्षों ने हिस्सा लिया।
यूनियन के राज्य के मुख्य संगठनकर्ता गंगाराम मौन, राज्य ऑडिटर संदीप सोरखी, राज्य नेता संदीप पुनियां व कृष्ण रुलहानियां ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के तीनों विभागों जनस्वास्थ्य विभाग के जलघरों, सड़कों, नहरों का तेजी से निजीकरण किया जा रहा है। खाली हो रहे पदों पर नई नियुक्तियां करने की बजाय आउटसोर्सिंग पर कर्मचारी रखे जा रहे हैं। नाम मात्र वेतन देकर युवाओं का शोषण किया जा रहा है। मात्र 9258 रुपये देकर 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है। पेच वर्क तक का काम भी ठेकेदारों से करवाया जाता है। 2006 के बाद हुई नियुक्तियों के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम से वंचित रखा गया है। बैठक में जिला प्रधान नरेश गौतम ने केंद्रीय कमेटी को विश्वास दिलाया कि 28-29 मार्च की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। बैठक को जिला के वरिष्ठ उपप्रधान रविन्द्र शर्मा, कोषाध्यक्ष तुलसी राम, रमेश शर्मा, रामू शर्मा, कुमारी सुदेश, सुरेन्द्र कुंडू, दीपक लोट, विकास गोस्वामी, सूरत सिंह, राजपाल, रमेश फौजी, रामपाल धारीवाल, विनोद फौजी, राजेश शर्मा, अनूप फौजी, अशोक यादव व रामसूरत आदि कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित किया।