हांसी। सड़क सुरक्षा के लिए हांसी पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 103 चालान काटे हैं। पुलिस ने अभियान के तहत कुल 553 वाहनों की जांच की। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व और दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस व यातायात पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित चेकिंग कर रही है। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट के 14, ओवरस्पीड के 25, अतिरिक्त लाइट के 3 और शराब पीकर वाहन चलाने के 2 चालान किए गए।
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों की अनदेखी वाहन चालक के साथ दूसरे लोगों की जान भी खतरे में डाल सकती है।
उन्होंने बताया कि पुलिस चालान करने के साथ विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक भी कर रही है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने और हेलमेट व सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने की भी हिदायत दी गई है। एसपी ने कहा कि यातायात नियम बोझ नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम हैं। थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को रोक सकती है।