हिसार। हिसार ने 14वीं सीनियर हरियाणा राज्य टेनिस बाल क्रिकेट चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार दोहरा खिताब अपने नाम किया। विकास डिफेंस स्कूल एंड स्पोर्ट्स अकादमी धीरणवास में आयोजित प्रतियोगिता में लड़कों के वर्ग में हिसार की टीम प्रथम रही। फरीदाबाद ने दूसरा और भिवानी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
लड़कियों के वर्ग में हिसार ने अपनी बादशाहत कायम रखी। लगातार दूसरी बार दोनों वर्गों में खिताब जीतने से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। समापन समारोह में सुरेंद्र आर्य और अधिवक्ता संजय बूरा मुख्य अतिथि रहे।
कोच अनिल कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में महाराष्ट्र के नांदेड़ में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर टेनिस बाल क्रिकेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।